Knews Desk – साउथ सुपरस्टार महेश बाबू इन दिनों निर्देशक एस.एस. राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ पर काम कर रहे हैं। फिल्म को 2027 के बड़े प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, महेश बाबू ने इस फिल्म के लिए करीब दो साल दिए हैं और इसका ज्यादातर काम पूरा हो चुका है। कुछ इंट्रोडक्शन सीन की शूटिंग बाकी होने की चर्चा है।
इसी बीच तेलुगु नाउ की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक संजय लीला भंसाली ने महेश बाबू से मुलाकात की है। दोनों के बीच एक स्टोरी आइडिया को लेकर बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह मुलाकात किसी फिल्म को लेकर अंतिम चर्चा थी या शुरुआती स्तर की बातचीत।
पैन इंडिया फिल्म बना सकते हैं भंसाली
रिपोर्ट के मुताबिक, संजय लीला भंसाली तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में एक प्रोजेक्ट एक्सप्लोर कर रहे हैं। इसके लिए वह कुछ साउथ एक्टर्स से बातचीत कर चुके हैं। चर्चा है कि यह फिल्म पीरियड ड्रामा हो सकती है, जिसे पैन इंडिया स्तर पर तैयार किया जाएगा।
इससे पहले भी भंसाली के अल्लू अर्जुन, जूनियर एनटीआर और राम चरण जैसे कलाकारों के साथ संभावित कोलैबोरेशन की खबरें सामने आती रही हैं। अब इस लिस्ट में महेश बाबू का नाम भी जुड़ गया है। हालांकि, किसी भी अभिनेता के साथ फिल्म साइन होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
‘वाराणसी’ के बाद साइन करेंगे अगली फिल्म?
महेश बाबू की अगली फिल्म को लेकर फैन्स लगातार अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि ‘वाराणसी’ की रिलीज के बाद ही वह अपना अगला प्रोजेक्ट साइन करेंगे। फिल्म की रिलीज और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन के बाद उनके अगले कदम को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।
वहीं, संजय लीला भंसाली इस समय अपनी फिल्म ‘लव एंड वॉर’ के पोस्ट प्रोडक्शन पर काम कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल नजर आएंगे। इसे 2027 में रिलीज किए जाने की तैयारी है।
महेश बाबू की पिछली फिल्म ‘गुंटूर कारम’ थी, जिसके बाद अब फैन्स को ‘वाराणसी’ से काफी उम्मीदें हैं। हालांकि, भंसाली और महेश बाबू के संभावित प्रोजेक्ट को लेकर अभी किसी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।