फेम गुरुकुल जीतने के बाद कहां गायब हो गए थे काजी तौकीर? 20 साल बाद ‘बिग बॉस 20’ में लौटे नजर

knews desk – अगर आपने 2000 के दशक में रियलिटी टीवी देखा है तो काजी तौकीर का नाम जरूर याद होगा। लंबे बाल, अलग अंदाज और शानदार स्टेज प्रेजेंस के चलते काजी ‘फेम गुरुकुल’ के सबसे चर्चित कंटेस्टेंट्स में शामिल थे। साल 2005 में उन्होंने रूपरेखा बनर्जी के साथ मिलकर सोनी टीवी का सिंगिंग रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ जीता था।

अब करीब दो दशक बाद काजी एक बार फिर रियलिटी टीवी पर लौटे हैं। उन्होंने ‘बिग बॉस 20’ में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है। काजी को दोबारा टीवी पर देखकर उनके पुराने फैंस काफी एक्साइटेड हैं। हालांकि, उनकी वापसी के साथ एक सवाल भी उठ रहा है कि इतना बड़ा रियलिटी शो जीतने के बाद काजी आखिर इतने सालों तक कहां गायब रहे?

फेम गुरुकुल के बाद मिली थीं कई फिल्में

‘फेम गुरुकुल’ जीतने के बाद काजी तौकीर और रूपरेखा बनर्जी की जोड़ी ने नवंबर 2005 में ‘काजी-रूपरेखा जोड़ी नंबर-1’ नाम से एल्बम रिलीज किया था। इसमें ‘ये पल’, ‘करूं क्या’, ‘हीरो’ और ‘मेरी महबूबा’ जैसे गाने शामिल थे।

काजी सिर्फ सिंगिंग तक सीमित नहीं रहना चाहते थे। उनकी दिलचस्पी एक्टिंग में भी थी। साल 2024 में सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि शो खत्म होने के तुरंत बाद उन्हें कई एक्टिंग ऑफर मिलने लगे थे।

एक फिल्म का ऑफर मिला, लेकिन नहीं बन पाई

काजी के मुताबिक, उन्हें ‘पिया’ नाम की एक फिल्म में काम करने का ऑफर मिला था। फिल्म को अहमद खान और बॉबी खान बना रहे थे और स्नेहा उल्लाल इसमें लीड एक्ट्रेस थीं। काजी को फिल्म के लिए साइन किया जाना था, लेकिन बाद में यह प्रोजेक्ट ही बंद हो गया।

एकता कपूर ने भी दिया था ऑफर

उस वक्त काजी की उम्र महज 19 साल थी। उन्होंने बताया था कि एकता कपूर ने भी उनसे संपर्क किया और एक स्क्रिप्ट सुनाई थी। इसके अलावा सोनी टीवी उन्हें ‘कैसा ये प्यार है’ में रॉकस्टार के तौर पर लॉन्च करना चाहता था।

एक साथ कई ऑफर्स मिलने और इंडस्ट्री में नए होने की वजह से काजी के लिए फैसला लेना मुश्किल हो गया। उन्हें प्रोफेशनल डील और कॉन्ट्रैक्ट की ज्यादा समझ नहीं थी। काजी ने बताया था कि बाद में मीडिया में ऐसी खबरें भी आईं कि उन्होंने एकता कपूर को धोखा दिया, जबकि उन्हें खुद इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह साइन हो चुके हैं।

इसके बाद काजी करीब दो से तीन साल तक लाइमलाइट से दूर रहे। इस दौरान उन्हें कई ऑफर्स मिलते रहे। उन्होंने ‘टेक ऑफ’ नाम की फिल्म में भी काम किया, जिसमें राजपाल यादव नजर आने वाले थे। फिल्म की शूटिंग कुछ दिनों तक चली, लेकिन बाद में यह प्रोजेक्ट भी बंद हो गया।

‘अफगान जलेबी’ में आए नजर

साल 2015 में काजी एक बार फिर बॉलीवुड म्यूजिक स्पेस में दिखाई दिए। वह फिल्म ‘फैंटम’ के गाने ‘अफगान जलेबी’ के वीडियो में नजर आए थे। इस गाने में कैटरीना कैफ भी थीं।

काजी ने बताया था कि वीडियो में दिखाई देने के बावजूद उन्हें इसके डिस्क्रिप्शन में क्रेडिट नहीं मिला था। हालांकि, गाने के कमेंट सेक्शन में हजारों लोगों ने उनका नाम लिखा। काजी के लिए यह इस बात का संकेत था कि लंबे समय बाद भी उनके फैंस उन्हें भूले नहीं थे।

इसके बाद काजी बड़े प्रोजेक्ट्स में ज्यादा नजर नहीं आए। हालांकि, वह सोशल मीडिया और यूट्यूब के जरिए अपने फैंस से जुड़े रहे।

साल 2018 में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में काजी ने बताया था कि वह एक सीरियस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए काफी महत्वपूर्ण है और इसी वजह से वह दूसरे ऑफर्स को ठुकरा रहे थे।

कुछ साल पहले उन्होंने यह भी बताया था कि उन्होंने कश्मीर पर एक स्क्रिप्ट लिखी है और इसे फिल्म के तौर पर बनाने की योजना बना रहे हैं।

अब ‘बिग बॉस 20’ में काजी की एंट्री के बाद उनके पुराने फैंस को एक बार फिर 2005 वाला काजी याद आ गया है। देखना दिलचस्प होगा कि करीब 20 साल बाद रियलिटी शो में उनकी यह वापसी उनके करियर को किस दिशा में ले जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *