knews desk – एक्टर से नेता बने विजय के बेटे जेसन संजय मंगलवार को सलेम में अपनी डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म ‘Sigma’ के प्री-रिलीज इवेंट में पहुंचे. कार्यक्रम के दौरान जेसन उस वक्त चर्चा में आ गए, जब वहां मौजूद दर्शकों ने अचानक TVK के नारे लगाने शुरू कर दिए. TVK, विजय की राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम का संक्षिप्त नाम है.
परिवार को धन्यवाद दे रहे थे जेसन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेसन स्टेज पर अपनी फिल्म ‘Sigma’ के बारे में बात कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने फिल्म की कास्ट और क्रू के साथ-साथ अपने परिवार को भी धन्यवाद दिया.
जेसन ने कहा, “सलेम ने मुझे अच्छी यादें दी हैं, इसलिए सलेम का शुक्रिया. मैं अपने परिवार को भी खास तौर पर धन्यवाद देना चाहता हूं.”
जैसे-जैसे दर्शकों की आवाज तेज होती गई, जेसन ने अपनी बात रोक दी और मुस्कुराते हुए भीड़ की तरफ देखने लगे. इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने TVK के नारे लगाने शुरू कर दिए.
नारों पर जेसन ने दिया थम्स-अप
TVK के नारे काफी देर तक चलते रहे. इसके बाद जेसन ने दर्शकों की तरफ देखकर थम्स-अप किया और फिर अपनी बात आगे बढ़ाई. माहौल शांत होने के बाद उन्होंने फिल्म ‘Sigma’ की कहानी और इसके मुख्य विषय के बारे में बताया.
जेसन ने कहा कि हर किसी की जिंदगी में एक “Sigma मोमेंट” आया है. उनके मुताबिक, लोग अपने फैसलों की वजह से मुश्किलों का सामना करते हैं, लेकिन उन परिस्थितियों से निकलकर आगे भी बढ़ते हैं. उन्होंने कहा कि एक आम इंसान की यह कहानी दर्शकों को अपनी जिंदगी से जुड़ी हुई महसूस होगी.
विजय और जेसन के रिश्ते पर भी उठे थे सवाल
विजय और उनके बेटे जेसन संजय के रिश्ते को लेकर पिछले कुछ समय से अटकलें भी लगाई जाती रही हैं. इसी साल की शुरुआत में जेसन के इंस्टाग्राम पर अपने पिता विजय को अनफॉलो करने की खबर सामने आई थी. इसके बाद दोनों के बीच अनबन की अफवाहों ने जोर पकड़ा था.
इससे पहले ऐसी रिपोर्ट्स भी सामने आई थीं कि जेसन ने अपने नाम से शुरुआती अक्षर ‘V’ हटा दिया है. हालांकि, विजय और जेसन दोनों ने सार्वजनिक तौर पर परिवार में किसी विवाद की पुष्टि नहीं की है और न ही इन अटकलों पर कोई आधिकारिक सफाई दी है.