KNEWS DESK – टीवी के सबसे लोकप्रिय कॉमेडी शो Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah में ‘बाघा’ का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता Tanmay Vekaria इस समय गहरे व्यक्तिगत दुख से गुजर रहे हैं। उनके पिता और गुजराती थिएटर व फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता अरविंद वेकारिया का निधन हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, अरविंद वेकारिया लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। उन्होंने मुंबई के कांदिवली स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। बुधवार शाम को उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें परिवार और करीबी लोग शामिल हुए।
गुजराती थिएटर का बड़ा नाम थे अरविंद वेकारिया
अरविंद वेकारिया गुजराती रंगमंच के प्रतिष्ठित कलाकारों में से एक थे। उन्होंने ‘यशोदा’, ‘छन्नू चमाकलो’ और ‘रुपियो नाच नचावे’ जैसी कई चर्चित गुजराती फिल्मों में अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा वे 90 के दशक के लोकप्रिय टीवी शो ‘शक्तिमान’ में भी नजर आ चुके थे।
खास बात यह रही कि उन्होंने अपने बेटे तन्मय वेकारिया के शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में भी एक कैमियो किया था। उस एपिसोड में उन्होंने एक ज्वेलर का किरदार निभाया था, जब आत्माराम भिड़े पैसों की तंगी के चलते माधवी के गहने गिरवी रखने जाते हैं।
सालभर में दो बड़े झटके
Tanmay Vekaria के लिए यह समय बेहद कठिन है क्योंकि पिछले कुछ महीनों में उन्होंने अपनी मां को भी खो दिया था। अक्टूबर 2025 में उनकी मां का निधन हुआ था, और अब पिता के निधन ने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया है।
कुछ समय पहले शूटिंग सेट पर भी तन्मय अपनी मां को याद कर भावुक हो गए थे। बताया जाता है कि उस दौरान वह शूटिंग के बीच ही रो पड़े थे, जिसके चलते टीम को कुछ समय के लिए काम रोकना पड़ा था।
शो के निर्माता असित कुमार मोदी ने उस वक्त उन्हें संभाला था। तन्मय ने बताया था कि उनकी मां शो के हर एपिसोड को बहुत उत्साह से देखती थीं और उनके काम की तारीफ सुनकर बेहद खुश होती थीं।