KNEWS DESK – रणवीर सिंह की फिल्म फ्रेंचाइजी ‘धुरंधर’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है, जिसकी चर्चा भारत ही नहीं बल्कि पाकिस्तान तक पहुंच गई है। फिल्म की कहानी और ल्यारी शहर के चित्रण को लेकर पाकिस्तान में शुरुआत से ही विवाद देखने को मिला था, जिसके चलते इसे वहां बैन भी कर दिया गया था। हालांकि इसके बावजूद रिपोर्ट्स के मुताबिक कई लोग पाइरेटेड वर्जन के जरिए फिल्म देख रहे हैं।
Ranveer Singh स्टारर ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की है। बताया जा रहा है कि फिल्म के पहले पार्ट ने 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया, जबकि ‘The Revenge’ ने इस साल की सबसे बड़ी हिट बनते हुए 1750 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। दोनों फिल्मों का कुल कलेक्शन करीब 3000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
‘मेरा ल्यारी’ का जवाबी दांव
‘धुरंधर’ में ल्यारी शहर को लेकर उठे विवाद के बाद पाकिस्तान में फिल्म इंडस्ट्री ने जवाबी कदम उठाया और ‘मेरा ल्यारी’ नाम की फिल्म का ऐलान किया। इस फिल्म को पाकिस्तान की कथित ‘प्रतिक्रिया’ के तौर पर देखा गया। इसे दिसंबर में तैयार किया गया और बीते वीकेंड रिलीज भी कर दिया गया।
फिल्म का निर्देशन अबू अलीहा ने किया है और इसमें आयशा ओमर, दानानीर मोबीन, सामिया मुमताज और ट्रिनेट ल्यूकस जैसे कलाकार शामिल हैं। यह एक स्पोर्ट्स ड्रामा है, जिसमें दो फुटबॉल खिलाड़ियों की कहानी दिखाई गई है।
रिलीज के बाद बुरा हाल
8 मई को रिलीज हुई ‘मेरा ल्यारी’ को दर्शकों से बेहद ठंडा रिस्पॉन्स मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले ही दिन सिर्फ 22 टिकट ही बिके, जिसके बाद फिल्म को कई थिएटर्स से हटा दिया गया। दर्शकों का कहना है कि फिल्म में मनोरंजन और ‘मसाला’ की कमी है, साथ ही प्रेजेंटेशन भी कमजोर है।
हालांकि एक समय इसे ‘भारत के प्रोपेगेंडा का जवाब’ बताया जा रहा था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन उम्मीदों से काफी नीचे रहा।