अन्नू कपूर के ‘दूधिया बदन’ कमेंट पर पहली बार बोलीं तमन्ना भाटिया, कहा- ‘मैं अपने काम पर फोकस करती हूं’

तमन्ना भाटिया ने अन्नू कपूर के विवादित कमेंट पर प्रतिक्रिया दी है। एक्ट्रेस ने कहा कि क्रिएटिव लोगों के लिए सबसे जरूरी है सुनना और यह समझना कि किन बातों को अपने साथ रखना है और किन्हें नजरअंदाज करना है।

Knews Desk – बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने अभिनेता अन्नू कपूर के ‘दूधिया बदन’ वाले कमेंट पर पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। पिछले साल फिल्म ‘स्त्री 2’ के गाने ‘आज की रात’ को लेकर अन्नू कपूर ने तमन्ना की तारीफ करते हुए यह टिप्पणी की थी, जिसके बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। अब तमन्ना ने इस मामले पर अपनी बात रखी है। उन्होंने साफ कहा कि उनका ध्यान ऐसी टिप्पणियों के बजाय अपने काम और एक्टिंग करियर पर रहता है।

एनडीटीवी के साथ बातचीत के दौरान तमन्ना से पूछा गया कि अन्नू कपूर की टिप्पणी को कई लोगों ने सेक्सिस्ट और महिलाओं के प्रति अपमानजनक बताया था। क्या वह चाहती हैं कि लोग उन्हें सिर्फ स्क्रीन पर अपनी अदाओं से दर्शकों को आकर्षित करने वाली एक्ट्रेस के बजाय एक अलग नजरिए से देखें? क्या यह उनके लिए इमेज मेकओवर का हिस्सा है? इस सवाल के जवाब में तमन्ना ने कहा कि एक क्रिएटिव इंसान के तौर पर सबसे जरूरी काम सुनना है। इसके साथ ही यह समझना भी जरूरी है कि सुनी गई बातों में से किन चीजों को स्वीकार करना है और किन्हें नजरअंदाज करना है।

तमन्ना ने कहा कि वह इन सभी बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं देतीं। उनका फोकस इस बात पर रहता है कि वह क्या बनना चाहती हैं और अपने एक्टिंग करियर में किस तरह आगे बढ़ना चाहती हैं। उन्होंने अपने काम को एक सेवा की तरह करने की इच्छा भी जाहिर की। एक्ट्रेस के मुताबिक, जब काम सही भावना और ईमानदारी से किया जाता है, तो वह लोगों तक भी पहुंचता है।

दरअसल, पिछले साल एक पॉडकास्ट के दौरान अन्नू कपूर से फिल्म ‘स्त्री 2’ के गाने ‘आज की रात’ में तमन्ना भाटिया के प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने तमन्ना की तारीफ करते हुए कहा था, “माशाअल्लाह, क्या दूधिया बदन है।” उनकी इस टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी।

विवाद बढ़ने के बाद अन्नू कपूर ने अपनी टिप्पणी पर सफाई भी दी थी। उन्होंने कहा था कि हिंदी में ‘दूधिया बदन’ कहने पर विवाद होता है, जबकि अंग्रेजी में ‘मिल्की बॉडी’ कहने पर वैसी प्रतिक्रिया नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा था कि अगर उनकी बात से तमन्ना को बुरा लगा है, तो वह उनसे माफी मांगने के लिए तैयार हैं।

अब तमन्ना की प्रतिक्रिया के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। हालांकि, एक्ट्रेस ने अपनी बात रखते हुए स्पष्ट किया कि वह बाहरी टिप्पणियों के बजाय अपने काम और करियर को प्राथमिकता देती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *