KNEWS DESK – बॉलीवुड इंडस्ट्री में शुक्रवार को एक दुखद क्षण आया जब जाने-माने फिल्म निर्माता बोनी कपूर और अभिनेता अनिल कपूर की मां निर्मल कपूर का निधन हो गया। उन्होंने 90 वर्ष की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन के बाद कपूर परिवार और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। निर्मल कपूर के निधन के बाद, कपूर परिवार ने एक भावुक बयान जारी किया है, जिसे बोनी कपूर के अलावा अनिल कपूर, अर्जुन कपूर और अंशुला कपूर ने अपने-अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किया।
कपूर परिवार का भावुक संदेश
कपूर फैमिली की ओर से जारी किए गए इस बयान में लिखा गया है, “2 मई 2025 को, हमारे प्यारे परिवार के बीच, निर्मल कपूर जी का शांतिपूर्ण निधन हो गया। उन्होंने एक पूर्ण और आनंदमय जीवन जिया। वह अपने पीछे चार समर्पित बच्चे, प्यारी बहुएं, एक देखभाल करने वाला दामाद, ग्यारह पोते-पोतियां, चार परपोते-परपोतियां और जीवनभर की अनमोल यादें छोड़ गई हैं।” बयान में आगे कहा गया, “उनकी उदारता, प्रेम और सादगी ने हर किसी का दिल छुआ। वह हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी। उन्हें हमेशा संजोकर रखा जाएगा।” बयान के अंत में कपूर परिवार के सभी सदस्यों के नाम दर्ज किए गए, जिनमें बोनी, अनिल, संजय, रीना, सुनीता, अर्जुन, अंशुला, जाह्नवी, खुशी, सोनम, हर्षवर्धन, रिया, शनाया, और अन्य शामिल हैं।
फिल्म इंडस्ट्री से उमड़ा श्रद्धांजलि का सैलाब
निर्मल कपूर के निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड से जुड़े कई बड़े सितारे बोनी कपूर के घर पहुंचे। सुहाना खान, रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, सोनम कपूर और अन्य कई सितारों ने अंतिम दर्शन किए। जाह्नवी कपूर अपने कथित बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया के साथ वहां पहुंचीं, वहीं अनन्या पांडे और शनाया कपूर इस दुख की घड़ी में भावुक नजर आईं।