‘सेल्फी मैंने ले ली आज’ फेम ढिंचैक पूजा ने शेयर की शादी की तस्वीरें, यूजर्स बोले- “ये मजाक है या सच?”

KNEWS DESK – ‘सेल्फी मैंने ले ली आज’ गाने से इंटरनेट सेंसेशन बनीं Dhinchak Pooja एक बार फिर सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। हालांकि इस बार वजह उनका कोई नया गाना या वायरल वीडियो नहीं, बल्कि उनकी शादी की तस्वीरें हैं। हाल ही में ढिंचैक पूजा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ फोटो और वीडियो शेयर किए, जिनमें वह दुल्हन के अवतार में नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों के सामने आते ही इंटरनेट पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।

वायरल तस्वीरों में ढिंचैक पूजा लाल रंग के ब्राइडल लहंगे में बेहद सजी-धजी दिखाई दे रही हैं। उन्होंने हैवी जूलरी और ट्रेडिशनल मेकअप के साथ अपना पूरा ब्राइडल लुक कम्प्लीट किया है। वहीं उनके साथ एक शख्स शेरवानी पहने नजर आ रहा है, जिसे सोशल मीडिया यूजर्स उनका दूल्हा बता रहे हैं। पूजा ने शादी से जुड़ा एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वह मुस्कुराते हुए कैमरे के सामने पोज देती दिख रही हैं।

https://www.instagram.com/reels/DY1pn4PCdJn/

तस्वीरों के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिले। कई लोगों ने उन्हें शादी की बधाई दी, तो वहीं कुछ यूजर्स इसे पब्लिसिटी स्टंट या प्रैंक बता रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि पूजा किसी नए गाने या वीडियो की शूटिंग कर रही हैं और शादी का माहौल उसी का हिस्सा है।

https://www.instagram.com/reels/DYjV3KLRU6D/

एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “अब नया गाना आएगा- शादी मैंने कर ली आज।” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा, “ये शादी कम और ड्रामा ज्यादा लग रहा है।” हालांकि अभी तक ढिंचैक पूजा की ओर से शादी को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे सस्पेंस और बढ़ गया है।

दिलचस्प बात यह है कि पूजा पिछले कुछ दिनों से लगातार इसी ब्राइडल लुक में वीडियो और तस्वीरें शेयर कर रही थीं। करीब एक हफ्ते पहले उन्होंने संगीत से जुड़ा वीडियो भी पोस्ट किया था, जिसके बाद से ही फैंस अंदाजा लगाने लगे थे कि कुछ बड़ा होने वाला है।

बता दें कि ढिंचैक पूजा अपने यूनिक और कई बार ‘क्रिंज’ माने जाने वाले गानों की वजह से सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर हुई थीं। उनका गाना Selfie Maine Leli Aaj इंटरनेट पर जबरदस्त वायरल हुआ था। इसके अलावा ‘दिलों का स्कूटर’ जैसे गानों ने भी उन्हें खूब चर्चा दिलाई। पूजा Bigg Boss सीजन 11 में भी नजर आ चुकी हैं। ट्रोलिंग के बावजूद सोशल मीडिया पर उनकी फैन फॉलोइंग आज भी काफी मजबूत मानी जाती है।