रवि किशन बनने वाले हैं हीरो, स्प्रिचुअल फिल्म में पहली बार लीड रोल में आएंगे नजर

अभिनेता और सांसद रवि किशन इन दिनों अपनी फिल्मों और बयानों को लेकर लगातार चर्चा में हैं। ‘मिर्जापुर द फिल्म’ में उनके अभिनय को पसंद किया गया है। अब रवि किशन ने अपने करियर में एक और बड़ा कदम उठाया है। वह जल्द ही एक स्प्रिचुअल फिल्म में लीड रोल निभाते नजर आएंगे। फिल्म की आधिकारिक घोषणा जल्द होने की उम्मीद है।

Knews Desk – भोजपुरी सिनेमा में अपनी पहचान बनाने वाले रवि किशन ने हिंदी सिनेमा में अब तक कई फिल्मों में सपोर्टिंग किरदार निभाए हैं। हालांकि, अब वह पहली बार एक फिल्म को बतौर लीड एक्टर आगे बढ़ाते नजर आएंगे। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, रवि किशन ने एक स्प्रिचुअल फिल्म साइन की है।

रिपोर्ट में सोर्स के हवाले से बताया गया है कि यह उन चुनिंदा फिल्मों में से होगी, जिसमें रवि किशन लीड रोल में होंगे। मेकर्स का मानना है कि उनके पास इस किरदार के लिए जरूरी टैलेंट, पॉपुलैरिटी और पर्सनैलिटी है। बताया जा रहा है कि फिल्म की स्क्रिप्ट रवि किशन को काफी पसंद आई और उन्होंने तुरंत फिल्म के लिए हामी भर दी।

इस फिल्म को महावीर जैन फिल्म्स प्रोड्यूस करेगा। खास बात यह है कि रवि किशन इस प्रोडक्शन हाउस की कार्तिक आर्यन स्टारर ‘नागजिला’ का भी हिस्सा हैं। महावीर जैन फिल्म्स ने हाल ही में ‘रामबोला’ का भी ऐलान किया है, जिसका निर्देशन ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी करेंगे।

जनवरी से शुरू होगी शूटिंग

रवि किशन की इस स्प्रिचुअल फिल्म की शूटिंग अगले साल जनवरी में शुरू होने की बात सामने आई है। फिलहाल फिल्म का टाइटल तय नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि जल्द ही फिल्म का नाम लॉक किया जाएगा। फिल्म का निर्देशन अमित आर्यन करेंगे। उन्होंने ही फिल्म की कहानी भी लिखी है।

ईश्वर और इंसान के रिश्ते पर होगी कहानी

फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमेगी, जो ईश्वर को सिर्फ भगवान नहीं, बल्कि अपना सबसे करीबी दोस्त मानता है। फिल्म इसी शख्स और ईश्वर के बीच के रिश्ते के खूबसूरत पहलू को मनोरंजन के साथ पेश करेगी।

फिल्म को फैमिली एंटरटेनर के तौर पर तैयार किया जाएगा, ताकि इसे पूरा परिवार साथ बैठकर देख सके। अब देखना होगा कि लीड एक्टर के तौर पर रवि किशन का यह नया अंदाज दर्शकों को कितना पसंद आता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *