KNEWS DESK – साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने आखिरकार अपने रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है। लंबे समय से दोनों की शादी को लेकर खबरें सामने आ रही थीं और अब कपल ने खुद औपचारिक ऐलान कर फैंस को बड़ी खुशखबरी दी है।
स्पेशल नोट में किया प्यार का इजहार
रश्मिका और विजय ने एक खूबसूरत वेडिंग कार्ड के साथ सोशल मीडिया पर स्पेशल मैसेज शेयर किया। उन्होंने लिखा कि फैंस हमेशा उनके साथ खड़े रहे—चाहे कोई प्लानिंग हो या जिंदगी का कोई बड़ा फैसला। कपल ने बताया कि फैंस ने उन्हें प्यार से ‘विरोष’ नाम दिया और अब वे अपनी शादी को भी इसी नाम से जोड़ रहे हैं।
अपने नोट में दोनों ने फैंस का दिल से आभार जताया और ढेर सारा प्यार भेजा। हार्ट इमोजी के साथ शेयर किया गया यह मैसेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
उदयपुर में होगी डेस्टिनेशन वेडिंग
कपल 26 फरवरी 2026 को राजस्थान के उदयपुर में सात फेरे लेने जा रहा है। बताया जा रहा है कि शादी पूरी तरह प्राइवेट सेरेमनी होगी, जिसमें सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल होंगे। समारोह में न तो फिल्मी हस्तियां आमंत्रित होंगी और न ही फोन की अनुमति होगी।

वेडिंग इनविटेशन कार्ड पहले ही सोशल मीडिया पर लीक हो चुके थे, जिसके बाद से ही शादी की चर्चाएं तेज हो गई थीं।
हैदराबाद में ग्रैंड रिसेप्शन
प्राइवेट वेडिंग के बाद कपल हैदराबाद में एक भव्य रिसेप्शन भी होस्ट करेगा। यह ग्रैंड रिसेप्शन मार्च में आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री और करीबी लोगों के शामिल होने की संभावना है।
पहले हुई थी सीक्रेट सगाई
शादी से पहले दोनों की सीक्रेट इंगेजमेंट की खबरें भी चर्चा में रही थीं। बताया जाता है कि 3 अक्टूबर को हैदराबाद में दोनों ने अंगूठियां एक्सचेंज की थीं।
रश्मिका और विजय की लव स्टोरी की शुरुआत फिल्म गीता गोविंदम (2018) और डियर कॉमरेड (2019) के दौरान हुई थी। इन फिल्मों में उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया, जिसके बाद से ही दोनों के रिश्ते को लेकर कयास लगने लगे थे।