‘रामायण’ की ट्रोलिंग पर रणबीर कपूर का जवाब, बोले- लोग क्या कहते हैं, इससे फर्क नहीं पड़ता

फिल्म की रिलीज से पहले रणबीर कपूर ने ऑनलाइन आलोचना पर रखी अपनी बात, निर्देशक नितेश तिवारी और को-प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने भी ट्रोलिंग पर दी प्रतिक्रिया।

Knews Desk – रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का पहला टीजर सामने आने के बाद से ही इसके वीएफएक्स और कास्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। फिल्म को लेकर कई मीम्स भी बनाए गए। अब रिलीज से पहले रणबीर कपूर ने ऑनलाइन ट्रोलिंग पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि लोगों की बातों से परेशान होने के बजाय उन लोगों की राय को महत्व देना चाहिए, जो आपकी परवाह करते हैं और आपके काम व इरादों को समझते हैं।

IIMUN के एक कार्यक्रम में छात्रों से बातचीत के दौरान रणबीर कपूर ने ऑनलाइन ट्रोलिंग का जिक्र करते हुए पुराने गाने ‘कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना’ को याद किया। उन्होंने कहा कि जिंदगी में इस सोच को अपनाना चाहिए कि लोग क्या कह रहे हैं, इस बात से परेशान नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक, सबसे ज्यादा मायने उन लोगों की राय रखती है, जो आपको समझते हैं और आपके अंदर की अच्छाई को पहचानते हैं।

नितेश तिवारी ने भी रखी अपनी बात

फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी ने भी ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर आपका जमीर साफ है और आपने अपनी तरफ से 100 प्रतिशत मेहनत की है, तो फिर आपको और क्या चाहिए। उनका कहना था कि काम के प्रति ईमानदारी और पूरी मेहनत करना सबसे ज्यादा मायने रखता है।

फिल्म के को-प्रोड्यूसर और प्राइम फोकस के नमित मल्होत्रा ने भी एक हालिया इंटरनेशनल इंटरव्यू में फिल्म को लेकर बन रहे मीम्स और ऑनलाइन ट्रोलिंग पर बात की। उन्होंने कहा कि एक समय के बाद उन्हें इन मीम्स पर हंसी आने लगी, क्योंकि लोग मनोरंजन के लिए दूसरों का मजाक बनाते हैं। उनके मुताबिक, आज कोई एक व्यक्ति खबरों में होता है, तो लोग उसका मजाक बनाते हैं और कल किसी दूसरे को निशाना बनाया जा सकता है।

नमित मल्होत्रा ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फिल्म को आलोचना के साथ-साथ तारीफ भी मिल रही है और वह सकारात्मक प्रतिक्रियाओं का भी आनंद ले रहे हैं। उन्होंने फिल्म में भगवान राम के एक संवाद का जिक्र करते हुए कहा कि जीवन में अच्छा और बुरा दोनों साथ चलते हैं और इंसान को दोनों परिस्थितियों को स्वीकार करना सीखना चाहिए।

निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ भारतीय महाकाव्य पर आधारित है। फिल्म के पहले टीजर के बाद इसके विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों के चयन को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई थी। अब रणबीर कपूर, नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा की प्रतिक्रियाओं के बाद फिल्म एक बार फिर चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *