KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेद्दी’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर छा गई है। फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और पहले दिन के आंकड़ों ने यह संकेत दे दिया है कि यह साल की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो सकती है। खास बात यह है कि फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन दुनियाभर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है।
‘पेद्दी’ को चार दिनों का लंबा वीकेंड मिला है, जिसका फायदा फिल्म को मिलना लगभग तय माना जा रहा है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि शुरुआती दिनों की रफ्तार बनी रहती है तो फिल्म बेहद कम समय में अपने भारी-भरकम बजट की भरपाई कर सकती है।
ओपनिंग डे पर शानदार प्रदर्शन
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 51 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। तेलुगु संस्करण ने सबसे ज्यादा योगदान दिया, जबकि हिंदी समेत अन्य भाषाओं में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला। एडवांस बुकिंग से हुई कमाई को जोड़ने पर फिल्म का कुल भारतीय कलेक्शन लगभग 70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
वहीं विदेशी बाजारों में भी राम चरण की स्टार पावर का असर देखने को मिला। ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने करीब 30 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके चलते इसका कुल वर्ल्डवाइड ओपनिंग डे कलेक्शन 112 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया।
पिछले कुछ साल राम चरण के लिए रहे चुनौतीपूर्ण
राम चरण की पिछली कुछ फिल्मों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। ‘गेम चेंजर’ और ‘आचार्य’ जैसी बड़े बजट की फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं। हालांकि ‘आरआरआर’ ने दुनियाभर में रिकॉर्डतोड़ कमाई कर इतिहास रच दिया था। लेकिन सोलो लीड के तौर पर राम चरण को लंबे समय से एक बड़ी ब्लॉकबस्टर की तलाश थी।
इससे पहले उनकी फिल्म ‘रंगस्थलम’ ने शानदार सफलता हासिल की थी और दर्शकों के बीच आज भी लोकप्रिय है। अब ‘पेद्दी’ को उसी तरह की सफलता दिलाने की जिम्मेदारी राम चरण के कंधों पर है।
क्या पहले वीकेंड में निकल जाएगा बजट?
बताया जा रहा है कि ‘पेद्दी’ का बजट करीब 350 करोड़ रुपये है। ऐसे में फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती इस लागत को रिकवर करने की होगी। हालांकि जिस तरह की शुरुआत फिल्म को मिली है, उससे उम्मीद जताई जा रही है कि पहले वीकेंड में ही यह 300 करोड़ रुपये के करीब पहुंच सकती है।
फिल्म को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाएं और मजबूत वर्ड ऑफ माउथ इसके पक्ष में जाता दिख रहा है। अगर दर्शकों का यही समर्थन जारी रहा तो ‘पेद्दी’ न सिर्फ अपना बजट निकाल सकती है, बल्कि राम चरण के करियर की सबसे बड़ी सोलो हिट फिल्मों में भी शामिल हो सकती है।