KNEWS DESK – ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा लंबे समय बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं और उनकी कमबैक फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। एस.एस. राजामौली के निर्देशन में बन रही यह फिल्म सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि ग्लोबल ऑडियंस को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।
फिल्म में महेश बाबू लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि प्रियंका चोपड़ा फीमेल लीड किरदार निभा रही हैं। वहीं, पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे। अब प्रियंका ने पहली बार अपने किरदार और फिल्म से जुड़े कुछ दिलचस्प अनुभव साझा किए हैं।
प्रियंका ने बताया ‘वाराणसी’ में क्या किया खास
प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में निक जोनस के पॉडकास्ट ‘हे जोनस’ में एस.एस. राजामौली के साथ काम करने के अनुभव को साझा किया। बातचीत के दौरान जब निक ने उनसे फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सवाल किया तो प्रियंका ने बताया कि वह करीब 14 महीनों से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं।
अपने किरदार को लेकर ज्यादा खुलासा किए बिना प्रियंका ने कहा, “मैंने इसमें कई शानदार स्लो-मोशन जंप किए हैं, बस इतना ही मैं इसके बारे में कह सकती हूं।” प्रियंका के इस बयान के बाद फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
राजामौली के साथ काम करने को लेकर एक्साइटेड हैं प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा ने एस.एस. राजामौली की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपनी फिल्मों में एक अलग दुनिया बनाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने बताया कि ‘वाराणसी’ एक बड़े स्तर पर बनाई जा रही एडवेंचर फिल्म है, जिसकी कहानी अलग-अलग जगहों और समय के सफर को दिखाएगी।
एक्ट्रेस ने कहा कि फिल्म को बनने में वक्त लग रहा है, लेकिन वह इस प्रोजेक्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं।
‘वाराणसी’ को बताया अब तक के काम से अलग
इससे पहले प्रियंका चोपड़ा ने ‘वैरायटी’ को दिए इंटरव्यू में भी फिल्म को लेकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि ‘वाराणसी’ उनके अब तक के सभी प्रोजेक्ट्स से बिल्कुल अलग है।
प्रियंका के मुताबिक, फिल्म की दुनिया बेहद विशाल और अनोखी है। उन्होंने कहा था कि एस.एस. राजामौली जिस तरह की दुनिया बनाते हैं, वैसी सोच किसी और के पास नहीं है।
8 साल बाद भारतीय फिल्मों में वापसी
बता दें कि ‘वाराणसी’ प्रियंका चोपड़ा की करीब 8 साल बाद भारतीय सिनेमा में वापसी है। इससे पहले वह हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में ज्यादा सक्रिय थीं। अब राजामौली की इस बड़े बजट की फिल्म के जरिए वह एक बार फिर भारतीय दर्शकों के बीच नजर आएंगी।
फिल्म की शूटिंग अभी जारी है और मेकर्स इसे अगले साल अप्रैल में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं। फिल्म को लेकर हर नए अपडेट के साथ फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ती जा रही है।