Knews Desk– भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह ने 29 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अब उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं है। हालांकि, उन्होंने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह के लिए हमेशा खड़े रहने की बात कही है।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया ऐलान
पवन सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए परिवार से रिश्ते खत्म करने की घोषणा की। पोस्ट की शुरुआत उन्होंने भोजपुरी की दो पंक्तियों से की, “जब घर के चक्कर में पड़ जाले आदमी, सब वेद शास्त्र भुला जाले आदमी।”
इसका मतलब है कि जब कोई व्यक्ति पारिवारिक उलझनों में फंस जाता है, तो वह बाकी सब कुछ भूल जाता है।
‘बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद…’
पवन सिंह ने अपनी पोस्ट में लिखा कि बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद वह बेहद दुखी होकर यह पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी और अपने फैसले के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, “बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद बहुत दुखी होकर पोस्ट कर रहा हूं। आप सभी भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़ के क्षमा चाहता हूं और बता रहा हूं कि मेरा मेरे पूरे परिवार से और खानदान से आज और अभी से कोई रिश्ता नहीं है।”
मां और बड़े भाई के लिए कही बड़ी बात
परिवार से रिश्ते खत्म करने की बात कहने के बावजूद पवन सिंह ने अपनी मां और बड़े भाई रानू सिंह को लेकर साफ किया कि वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
उन्होंने लिखा कि जिन्होंने उन्हें जन्म दिया, उनकी मां और उनके सबसे बड़े भाई रानू सिंह के लिए वह जिंदगी भर अपनी जान तक हाजिर रखेंगे।
अपनी पोस्ट के आखिर में पवन सिंह ने खुद को भोजपुरिया समाज के परिवार का एक छोटा सा सदस्य बताते हुए संदेश समाप्त किया। उनके इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर यह पोस्ट चर्चा में है।