कभी पांच हजार रुपये लेकर आयी थीं नोरा फतेही, आज हैं करोड़ों की मालकिन..

मनोरंजन,  बॉलीवुड इंडस्ट्री में टैलेंट की कोई कमी नही है। लोग इस इंडस्ट्री में अपने टैलेंट की वजह से आते हैं और अपनी टैलेंट के दम पर ही पहचान बनाते हैं। आज हम आपको एक ऐसी शख्सियत के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में आने के लिए सात समुद्र का सफर तय किया और कड़ा संघर्ष भी किया। हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड की ‘दिलबर गर्ल’  की, जिनके गानों ने दर्शकों को अपना दीवाना बना दिया। दर्शक इनके गाने और डांस दोनों के ही दीवाने है| बर्थडे पार्टी से लेकर बड़े-बड़े फंक्शन में नोरा के गाने जरूर बजते हैं। इतनी कामयाबी हासिल करने वाली नोरा ने अपने करियर की शुरुआत जीरो से ही की थी। आज नोरा अपना जन्मदिन मना रही हैं तो आइए आपको बताते हैं ‘साकी गर्ल’ की जिंदगी से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से।

नोरा का जन्म 6 फरवरी 1992 को कनाडा में हुआ था। नोरा डांसर के अलावा मॉडल भी हैं। उन्होंने बॉलीवुड में अपने टैलेंट और मेहनत के दम पर जगह बनाई है। अपने गानों के जरिए वह आज करोड़ों दिलों पर राज करती हैं। नोरा को फिल्मों से ज्यादा गानों में देखा गया। उन्होंने जिन भी गानों में अपने डांस मूव्स का कमाल दिखाया, वे सुपरहिट हुए। नोरा ने फिल्म ‘रोर: टाइगर ऑफ द सुंदरबन’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।

नोरा ने फिल्म ‘रोर’ में कमाल का अभिनय किया था। इसके बाद उन्हें तेलुगू फिल्मों में काम करने के ऑफर मिले। नोरा को रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ के सीजन नौ में भी देखा गया, जहां उन्हें लोकप्रियता मिली। बिग बॉस शो में नोरा ने अपने गेम से दर्शकों के बीच खास जगह बनाई थी। इस शो के बाद नोरा ने रियलिटी शो ‘झलक दिखला जा’ में हिस्सा लिया। इस मंच से नोरा ने अपना टैलेंट दुनिया को दिखाया। उनके जबरदस्त डांस मूव्स की दुनिया दीवानी हो गई। और अपने इसी टैलेंट के दम पर बॉलीवुड इंडस्ट्री में नया मुकाम हासिल किया |

आज भले ही दुनिया नोरा को सफल अभिनेत्री के रूप में देखती है, लेकिन नोरा ने इस मुकाम पर आने के लिए काफी संघर्ष किया। नोरा जब पहली बार भारत आईं, तब उनके पास सिर्फ 5000 रुपये थे। एक इंटरव्यू के दौरान नोरा ने इस बात का खुलासा किया था कि अपना पेट पालने के लिए उन्होंने कॉफी शॉप में भी नौकरी की थी। नोरा टेलीकॉलर की भी नौकरी कर चुकी हैं। करियर के शुरुआती दौर में नोरा लॉटरी टिकट बेचती थीं।

नोरा ने अपने करियर में काफी सफलता हासिल कर ली है। और उनके पास अब काम और पहचान की कमी नहीं है। नोरा ने जॉन अब्राहम की फिल्म ‘सत्यमेव जयते’ में ‘दिलबर दिलबर’ गाने से सभी का दिल जीता। इसके बाद वह सलमान खान के साथ फिल्म ‘भारत’ में नजर आईं। वहीं, नोरा जॉन की फिल्म ‘बाटला हाउस’ में ‘साकी साकी’ और , ‘स्त्री’ में ‘कमरिया’ पर भी अपने डांस का दम दिखा चुकी हैं।

About Post Author