साइबर क्राइम की बड़ी कार्रवाई, Rukmini Vasanth का डीपफेक वीडियो बनाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

KNEWS DESK – साइबर क्राइम के मामलों में लगातार बढ़ोतरी के बीच डीपफेक और एआई जनरेटेड कंटेंट एक बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं। इसी कड़ी में साउथ एक्ट्रेस Rukmini Vasanth का मामला सामने आया है, जिसमें उनके नाम और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर आपत्तिजनक डीपफेक वीडियो और एआई जनरेटेड इमेजेज तैयार किए गए थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हुए इन वीडियो और तस्वीरों में एक्ट्रेस को एडिट कर गलत और भ्रामक रूप में दिखाया गया, जिससे उनकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले को लेकर एक्ट्रेस ने बेंगलुरु साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान की। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें कस्टडी में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि डीपफेक और एआई आधारित फर्जी कंटेंट के मामले अब फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों के लिए चिंता का विषय बन चुके हैं। कई बॉलीवुड और साउथ सितारे पहले भी ऐसे मामलों को लेकर शिकायत दर्ज करा चुके हैं और सख्त कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।

Kantara Chapter 1 को लेकर भी Rukmini Vasanth हाल के समय में चर्चा में रही थीं, और इसी वजह से वह सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *