KNEWS DESK – एकता कपूर का रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। शो में कंटेस्टेंट्स के बीच हो रहे विवाद और तीखी बहस दर्शकों का खूब ध्यान खींच रही है। हाल ही में शो में टीवी एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे की एंट्री के बाद माहौल और भी गरमा गया है।
शो में शिल्पा कई कंटेस्टेंट्स के साथ बहस कर चुकी हैं। बीते एपिसोड में शिल्पा शिंदे और आकांक्षा चौधरी के बीच भी जमकर तकरार देखने को मिली। इस दौरान आकांक्षा ने शिल्पा के बिग बॉस जीतने को लेकर तंज कसा, जिसके बाद अब शिल्पा के समर्थन में उनकी पुरानी दोस्त और कंट्रोवर्सी क्वीन राखी सावंत उतर आई हैं।
आकांक्षा के बयान पर भड़कीं राखी सावंत
दरअसल, बहस के दौरान आकांक्षा चौधरी ने शिल्पा शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा था कि वह ‘रोटी बेलकर बिग बॉस जीत गईं’, लेकिन लॉक अप में ऐसा सिस्टम नहीं है। आकांक्षा की इस बात को शिल्पा के बिग बॉस जीतने पर तंज माना गया।
अब राखी सावंत ने सोशल मीडिया के जरिए आकांक्षा को जवाब दिया है। राखी ने शिल्पा का बचाव करते हुए कहा कि शिल्पा का स्टारडम आकांक्षा के पूरे करियर से कहीं ज्यादा बड़ा है।
राखी ने लिखा, “रोटी बेलते-बेलते करियर बनाई बोलने वाली को कोई बताओ, शिल्पा शिंदे का एक शो ही तुम्हारे पूरे करियर से ज्यादा बड़ा है।”
राखी सावंत अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी राय खुलकर रखती हैं। शिल्पा के समर्थन में बोलते हुए राखी ने उनकी लोकप्रियता और टीवी इंडस्ट्री में उनके योगदान को लेकर आकांक्षा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि शिल्पा शिंदे ने अपने दम पर पहचान बनाई है और उनके काम को कम आंकना सही नहीं है।
कैसे शुरू हुआ शिल्पा और आकांक्षा का विवाद?
शिल्पा शिंदे और आकांक्षा चौधरी के बीच विवाद तब शुरू हुआ जब आकांक्षा की श्रेया कालरा के साथ बहस हो गई थी। इस दौरान शिल्पा ने अपनी नाराजगी जाहिर की, जिस पर आकांक्षा ने जवाब देते हुए कहा था कि यहां ‘रोटी बनाकर जीतने वाला सिस्टम नहीं है।’
आकांक्षा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा शुरू हो गई और कई लोगों ने इसे शिल्पा के बिग बॉस 11 जीतने पर निशाना बताया।
शिल्पा के पुराने बयान पर भी हुआ था विवाद
हाल ही में शिल्पा शिंदे अपने एक पुराने बयान को लेकर भी चर्चा में रही थीं। उन्होंने ‘भाभी जी घर पर हैं’ शो के मेकर्स पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कहा था कि वह आरोप झूठे थे।
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। कई यूजर्स और सेलेब्स ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी।