KNEWS DESK – रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में हर दिन नए ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में धीरज धूपर और सूफी मोतीवाला शो से बाहर हो गए, जबकि हर्षद चोपड़ा और योगेश रावत को एक खास टास्क के जरिए दोबारा गेम में लौटने का मौका मिला। शो से बाहर आने के बाद धीरज धूपर ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी और हर्षद चोपड़ा से लेकर शो के मेकर्स तक पर कई सवाल उठाए।
‘मैं खुद को ट्रॉफी जीतते हुए देख रहा था’
एक इंटरव्यू में धीरज धूपर ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा था कि वह फिनाले तक पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि लगातार पांच हफ्तों तक ग्रीन ज़ोन में बने रहना आसान नहीं था और पूरे सीजन में ऐसा करने वाले वह इकलौते कंटेस्टेंट थे।
धीरज ने कहा कि उन्होंने हर टास्क में अपना सर्वश्रेष्ठ दिया, घर की राजनीति से दूरी बनाए रखी और बेवजह के विवादों में नहीं पड़े। उनके मुताबिक, इसी वजह से उन्हें उम्मीद थी कि उनका सफर ट्रॉफी तक जाएगा।
हर्षद चोपड़ा पर साधा निशाना
धीरज ने हर्षद चोपड़ा के गेम पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि हर्षद ने शो में अपना असली व्यक्तित्व नहीं दिखाया और पूरा गेम सिर्फ शिवांगी को ध्यान में रखकर खेला।
https://www.instagram.com/reels/DbSY8wzj4Vp/
धीरज के मुताबिक, हर्षद खुद उनसे कहते थे कि अगर दोनों में से किसी एक को बचाना पड़े तो शिवांगी को बचा लेना। लेकिन बाद में वही उन्हें “बैकस्टैबर” कहने लगे, जिसे लेकर धीरज ने नाराजगी जताई।
उन्होंने यह भी कहा कि जब हर्षद को मौका मिला तो उन्होंने उन्हें चुनौती देने के बजाय किसी और कंटेस्टेंट को चुना, जिससे उनके गेम पर सवाल खड़े होते हैं।
योगेश रावत को बाहर करने की बताई वजह
धीरज ने योगेश रावत के एविक्शन पर भी अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच कभी अच्छी बॉन्डिंग नहीं रही और न ही उनके विचार मिलते थे।
उन्होंने बताया कि योगेश का व्यवहार और कुछ बयान उन्हें पसंद नहीं आए। धीरज के अनुसार, टास्क से पहले भी योगेश ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। इसी वजह से उन्होंने गेम के दौरान उन्हें बाहर करने का फैसला लिया।
मेकर्स के फैसले पर भी उठाए सवाल
धीरज धूपर ने शो के फॉर्मेट और मेकर्स के फैसलों पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिन कंटेस्टेंट्स को बाहर किया गया था, उन्हें दोबारा शो में लाने से पहले बाहर की जानकारी दी गई, जिससे बाकी खिलाड़ियों की मेहनत का महत्व कम हो जाता है।
https://www.instagram.com/reels/DbPv–FE3GQ
धीरज ने कहा कि अगर बाहर जाकर कंटेस्टेंट्स को एपिसोड दिखाए जाएं और फिर उन्हें गेम में वापस भेज दिया जाए, तो अंदर मौजूद खिलाड़ियों के लिए बराबरी का मुकाबला नहीं रह जाता।
कैसे खत्म हुआ धीरज का सफर?
हालिया ‘जजमेंट डे’ एपिसोड में कम वोट मिलने के बाद हर्षद चोपड़ा शो से बाहर हो गए थे। हालांकि बाद में जेलर रितेश देशमुख ने गेम बदलने वाला टास्क दिया, जिसमें हर्षद का मुकाबला सूफी मोतीवाला से और योगेश रावत का मुकाबला धीरज धूपर से हुआ।
टास्क के अंत में हर्षद चोपड़ा और योगेश रावत ने अपनी ब्रीफकेस में ज्यादा वेट इकट्ठा कर जीत हासिल की। वहीं धीरज धूपर और सूफी मोतीवाला हार गए, जिसके साथ ही दोनों का ‘लॉक अप 2’ का सफर समाप्त हो गया।
धीरज के इन बयानों के बाद एक बार फिर ‘लॉक अप 2’ का गेम, कंटेस्टेंट्स की रणनीति और मेकर्स के फैसले चर्चा का विषय बन गए हैं।