Lock Upp 2: ‘जैसे मैंने कोई अपराध किया हो…’ मां न बनने के फैसले पर छलका आकांक्षा चमोला का दर्द

KNEWS DESK – एकता कपूर के रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में टीवी एक्ट्रेस आकांक्षा चमोला लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो में आने के बाद से ही उनके कई बड़े खुलासे चर्चा का विषय बन चुके हैं। पहले उन्होंने पति गौरव खन्ना से रिश्ते को लेकर बड़ा बयान दिया और फिर अपनी बाइसेक्सुअलिटी को लेकर खुलासा किया। अब आकांक्षा ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक और संवेदनशील मुद्दा उठाया है, जिसे लेकर उन्होंने अपना दर्द बयां किया।

आकांक्षा ने बताया कि मां न बनने के उनके फैसले को लेकर उन्हें लंबे समय से लोगों की आलोचना और तानों का सामना करना पड़ रहा है। उनके मुताबिक, समाज आज भी हर महिला के लिए मां बनना जरूरी मानता है, जबकि हर किसी के अपने सपने और फैसले हो सकते हैं।

‘लोग मुझे ऐसे जज करते हैं जैसे मैंने कोई अपराध किया हो’

‘लॉकअप 2’ के हालिया एपिसोड में आकांक्षा चमोला पामेला से बातचीत के दौरान भावुक नजर आईं। उन्होंने बताया कि बच्चे न चाहने के फैसले की वजह से उन्हें काफी कुछ सुनना पड़ा है।

आकांक्षा ने कहा कि वह पिछले काफी समय से लोगों की बातों और आलोचनाओं को झेल रही हैं। उन्होंने बताया कि गौरव खन्ना पिता बनना चाहते थे, लेकिन उनकी अपनी सोच अलग थी। इसी अंतर की वजह से उन्हें लगातार सवालों और तानों का सामना करना पड़ा।

एक्ट्रेस ने कहा कि कई लोगों ने उन्हें यह तक कह दिया कि उन्हें गौरव से अलग हो जाना चाहिए, क्योंकि वह पिता बनना चाहते हैं और वह उनकी जिंदगी खराब कर रही हैं।

‘ऐसा लगता है जैसे मेरा ट्रायल चल रहा है’

बातचीत के दौरान आकांक्षा ने कहा कि हर दिन उनके लिए हालात और मुश्किल होते जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे लोग उन्हें खुलेआम निशाना बना रहे हैं।

आकांक्षा ने अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहा कि उनके साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, जैसे उन्होंने कोई गलती या अपराध किया हो। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि हर महिला का मां बनना जरूरी नहीं है और किसी के निजी फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।

गौरव खन्ना ने शो में पहुंचकर दी सफाई

वहीं, शो में गौरव खन्ना की एंट्री के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। गौरव ने आकांक्षा से मुलाकात कर तलाक की खबरों पर अपनी बात रखी।

गौरव ने कहा कि दोनों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत जरूर हुई थी, लेकिन अभी तक कोई कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। उन्होंने साफ किया कि तलाक की कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं हुई है और कानूनी रूप से दोनों अभी भी पति-पत्नी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *