KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार Ram Charan और बॉलीवुड अभिनेत्री Janhvi Kapoor इन दिनों अपनी आगामी तेलुगु फिल्म ‘पेद्दी’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में विजयवाड़ा में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान ऐसा वाकया हुआ, जिसने कुछ देर के लिए सभी को चौंका दिया।
इवेंट के दौरान राम चरण और जाह्नवी कपूर मंच पर मौजूद थे और दर्शकों से बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक भीड़ में से एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए सीधे स्टेज पर पहुंच गया। वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक तेजी से राम चरण की ओर बढ़ता है, जिससे मंच पर मौजूद लोग एक पल के लिए हैरान रह जाते हैं।
इस अप्रत्याशित घटना से जाह्नवी कपूर भी घबरा गईं। वीडियो में उनके चेहरे के भाव साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं, जहां वह अचानक सामने आए शख्स को देखकर पीछे की ओर हट जाती हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस पल को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं हुई, क्योंकि राम चरण के पर्सनल बॉडीगार्ड ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को अभिनेता तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया। इसके बाद अन्य सुरक्षा कर्मी भी मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित कर लिया।
दिलचस्प बात यह रही कि माहौल शांत होने के बाद राम चरण ने अपने फैन के प्रति उदारता दिखाई। उन्होंने उस युवक को मिलने की अनुमति दी। बताया जा रहा है कि फैन अपने पसंदीदा स्टार से मिलकर काफी भावुक हो गया और उसने राम चरण का आशीर्वाद लेते हुए उनके पैर भी छुए।
इस घटना के बाद राम चरण के बॉडीगार्ड एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनकी सतर्कता और फुर्ती की जमकर तारीफ कर रहे हैं। गौरतलब है कि राम चरण के बॉडीगार्ड पहले भी कई मौकों पर अपनी प्रोफेशनलिज्म को लेकर सुर्खियां बटोर चुके हैं।
फिल्म ‘पेद्दी’ को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह है और अब इस वायरल वीडियो ने भी फिल्म को अतिरिक्त चर्चा दिला दी है। वहीं, फैंस राम चरण और जाह्नवी कपूर की ऑनस्क्रीन जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।