उनकी आवाज़ अमर रहेगी… बॉलीवुड को रुला गईं आशा भोसले, फिल्म इंडस्ट्री में छाया शोक

KNEWS DESK – भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। 12 अप्रैल 2026 को 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। 12,000 से अधिक गीतों की स्वर-संपदा छोड़कर गईं आशा ताई सिर्फ एक गायिका नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा थीं। उनके निधन की खबर से पूरा बॉलीवुड गमगीन है और फिल्म इंडस्ट्री में सन्नाटा पसरा हुआ है।सोशल मीडिया पर बॉलीवुड के दिग्गज सितारे एक के बाद एक आशा भोसले को याद कर भावुक हो रहे हैं।

संजय दत्त का पोस्ट

संजय दत्त ने आशा जी के साथ की पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “आशा जी के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उनकी आवाज सिर्फ संगीत नहीं थी, बल्कि भावना, स्मृति और जादू का संगम थी, जो हमेशा अमर रहेगी। मुझे उनके साथ गीत गाने और उनसे बहुत कुछ सीखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भारतीय संगीत जगत के लिए ये एक भारी नुकसान है। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

अक्षय कुमार का संदेश

अक्षय कुमार ने आशा भोसले के साथ एक फोटो शेयर कर लिखा, “आशा भोसले जी के निधन से जो क्षति हुई है, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उनकी सुरीली आवाज हमेशा-हमेशा के लिए अमर रहेगी। ओम शांति।”

हेमा मालिनी का भावुक संदेश

हेमा मालिनी ने लिखा, “आशा ताई अब हमारे बीच नहीं रहीं। मुझे विश्वास ही नहीं हो रहा कि इतनी जीवंत, अपने गीतों में इतनी जान और रंग भरने वाली शख्सियत हमें शोक में छोड़कर चली गईं। मेरे लिए काफी कठिन है, क्योंकि आशा जी से मेरा एक भावनात्मक जुड़ाव था। उन्होंने अपनी अनूठी आवाज और शैली से मेरे कई गीतों को लोकप्रिय बनाया। लता जी और आशा जी दोनों से मेरा एक खास रिश्ता था।”

करण जौहर का पोस्ट

करण जौहर ने लिखा, “आज हमने एक महान हस्ती को खो दिया है, ये कहना भी काफी कम होगा। आशा जी जैसी कोई और नहीं। उनकी आवाज ने न केवल एक पीढ़ी को बल्कि सिनेमा की दुनिया के एक बड़े क्षेत्र को परिभाषित किया। मैं उनकी आवाज, उनकी कला, उनके व्यक्तित्व का बहुत बड़ा फैन था और आज भी हूं। आशा जी, आपका संगीत अमर रहेगा।”

https://www.instagram.com/p/DXBlJKEiN6k/

राजपाल यादव का संदेश

राजपाल यादव ने लिखा, “मंगेशकर परिवार ने राष्ट्र को जो सांस्कृतिक धरोहर सौंपी है, उसे शब्दों में बांधना असंभव है। आशा ताई का महाप्रयाण केवल एक परिवार की क्षति नहीं, वरन संपूर्ण विश्व के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आपकी आवाज अमर है और युगों-युगों तक गूंजती रहेगी। ओम शांति।”

रवीना टंडन का पोस्ट

रवीना टंडन ने सबसे ज्यादा भावुक होते हुए लिखा, “तो आज वो अपूरणीय क्षति हुई, जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। फिल्म इंडस्ट्री के लिए सबसे बड़ा नुकसान। बचपन से लेकर मेरे अब तक के पूरे अस्तित्व के लिए एक ऐसी हानि जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। उनकी अब तक की सबसे बड़ी फैन। उनके जैसा कोई नहीं। आशा जी, आपकी आवाज एक ऐसी विरासत छोड़ गई है, जिसकी तुलना दुनिया में कोई नहीं कर सकता। यहां संगीत के सबसे महान युग का अंत होता है।”

https://www.instagram.com/p/DXBjcTzje1q/

इनके अलावा अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान, माधुरी दीक्षित समेत कई अन्य हस्तियों ने भी आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी है।

कल होगा अंतिम संस्कार

आशा भोसले का अंतिम संस्कार कल सोमवार, 13 अप्रैल को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान भूमि में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उनके लोअर परेल स्थित निवास ‘कासा ग्रैंड’ में अंतिम दर्शन का कार्यक्रम रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *