KNEWS DESK – अजय देवगन की फिल्म ‘धमाल 4’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपनी पकड़ बनाए हुए है। रिलीज के आठ दिन बाद फिल्म ने आखिरकार भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, फिल्म की कमाई में अब धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिल रही है।
भारत में 101 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धमाल 4’ ने रिलीज के दूसरे शुक्रवार यानी आठवें दिन करीब 5.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके साथ ही फिल्म का भारतीय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन बढ़कर 101.50 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म ने आठवें दिन कुल 8,158 शोज दर्ज किए और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 15 प्रतिशत रही। हालांकि, सातवें दिन के मुकाबले फिल्म की कमाई में 8.3 प्रतिशत की गिरावट आई है। सातवें दिन फिल्म ने करीब 6 करोड़ रुपये कमाए थे।
VFX को लेकर हुई थी आलोचना, फिर भी नहीं रुकी कमाई
अजय देवगन की इस फिल्म को रिलीज के बाद VFX को लेकर कुछ नकारात्मक प्रतिक्रियाओं का सामना करना पड़ा था। इसके बावजूद दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बना रहा और इसका असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर ज्यादा नहीं पड़ा।
फिल्म ने पहले हफ्ते में अच्छी कमाई करते हुए अब 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन 140 करोड़ के करीब
150 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘धमाल 4’ ने दुनियाभर में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन अब तक करीब 139.78 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। यानी फिल्म जल्द ही 140 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी।
वहीं, फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन भी बढ़कर करीब 121.03 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में फिल्म ने अब तक करीब 18.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
‘द ओडिसी’ से मिल सकती है टक्कर
अब फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती हॉलीवुड फिल्म ‘द ओडिसी’ है। इस फिल्म ने भारत में रिलीज के पहले दिन ही शानदार कमाई की है और वीकेंड पर दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच सकती है।
ऐसे में अब देखने वाली बात होगी कि ‘धमाल 4’ वीकेंड पर कितनी कमाई करती है और क्या 150 करोड़ रुपये के बजट को पार कर मुनाफे की राह पर पहुंच पाती है या नहीं।