लाइव कॉन्सर्ट में बदसलूकी का शिकार हुआ मशहूर सिंगर Mario, वायरल वीडियो ने मचाया हंगामा

KNEWS DESK – देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी सिंगर्स अपने कॉन्सर्ट्स को लेकर बेहद सतर्क रहते हैं। लाखों फैंस के सामने परफॉर्म करना जहां कलाकारों के लिए खास अनुभव होता है, वहीं हाल के दिनों में कॉन्सर्ट्स के दौरान होने वाली घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। कभी स्टेज पर फेंकी गई चीजें, तो कभी फैंस की हद पार करती हरकतें—ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। इसी कड़ी में अमेरिकी सिंगर मारियो का एक पुराना वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा में है।

कौन हैं मारियो?

मारियो का पूरा नाम मारियो डेवार बैरेट (Mario Dewar Barrett) है। वह एक मशहूर अमेरिकी R&B सिंगर, गीतकार और डांसर हैं। 27 अगस्त 1986 को बाल्टीमोर में जन्मे मारियो को साल 2004 में आए उनके सुपरहिट गाने ‘Let Me Love You’ से दुनियाभर में पहचान मिली। इससे पहले उन्होंने 2002 में ‘Just a Friend’ के जरिए म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम रखा था। उनका एल्बम ‘Turning Point’ भी काफी सफल रहा, जिसके लिए उन्हें कई अवॉर्ड्स और नॉमिनेशन मिले, जिनमें बिलबोर्ड म्यूजिक अवॉर्ड्स भी शामिल हैं।

https://www.instagram.com/reels/DRfeNz9EYgl/

हाल ही में मारियो किसी नए गाने की वजह से नहीं, बल्कि एक कॉन्सर्ट के दौरान हुई घटना को लेकर सुर्खियों में हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखा जा सकता है कि लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक महिला फैन ने सिंगर के साथ अनुचित हरकत की। यह घटना उस वक्त हुई जब मारियो स्टेज पर परफॉर्म कर रहे थे।

वीडियो हुआ वायरल, यूजर्स का फूटा गुस्सा

हालांकि यह वीडियो पुराना बताया जा रहा है, लेकिन एक बार फिर इसके वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने इस घटना को कलाकार की निजी सीमा का उल्लंघन बताया है और महिला की हरकत की कड़ी आलोचना की है। वहीं कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि कॉन्सर्ट्स में सिक्योरिटी इंतजाम और फैन बिहेवियर पर अब और सख्ती की जरूरत है।

गौरतलब है कि बीते कुछ समय में इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं, कभी सिंगर्स पर चीजें फेंकी जाती हैं, तो कभी फैंस स्टेज पर चढ़कर हंगामा करते हैं। ऐसे में यह मामला एक बार फिर कलाकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *