Dune Part 3: बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचाने को तैयार ‘ड्यून 3’, एडवांस बुकिंग शुरू होते ही क्रैश हुई वेबसाइट

KNEWS DESK – साइंस-फिक्शन एडवेंचर फिल्म ‘ड्यून’ के पहले दोनों पार्ट्स ने दुनियाभर में जबरदस्त सफलता हासिल की थी. अब फैंस को फिल्म के तीसरे पार्ट ‘ड्यून पार्ट 3’ का बेसब्री से इंतजार है. फिल्म इसी साल 18 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है, लेकिन रिलीज से करीब चार महीने पहले ही इसका क्रेज देखने को मिल रहा है.

18 अगस्त से फिल्म की प्री-सेल्स शुरू की गईं और टिकट खरीदने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक ऑनलाइन पहुंच गए. हालात ऐसे हो गए कि टिकट बुकिंग वेबसाइट AMC पर भारी ट्रैफिक आ गया और वेबसाइट क्रैश हो गई. खास बात यह है कि अभी फिल्म की रिलीज में काफी वक्त बाकी है.

चार दिन पहले होगी स्पेशल स्क्रीनिंग

फिलहाल फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग और IMAX शो के लिए प्री-सेल्स शुरू की गई हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, 14 और 15 दिसंबर को फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रखी गई है, यानी इसकी थिएट्रिकल रिलीज से करीब चार दिन पहले.

इन शुरुआती शोज के लिए दर्शकों की दीवानगी ने मेकर्स को भी हैरान कर दिया है. टिकट बुक करने के लिए बड़ी संख्या में लोग वेबसाइट पर पहुंचे, जिसके कारण कई यूजर्स को बुकिंग के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा.

33 सेकेंड के टीजर ने बढ़ाई एक्साइटमेंट

प्री-सेल्स की शुरुआत के साथ मेकर्स ने फिल्म का एक छोटा टीजर भी जारी किया है. महज 33 सेकेंड के इस टीजर ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है.

टीजर में एरड्रिक की आवाज सुनाई देती है. जब राजकुमारी इरलान आगे के बारे में सवाल करती हैं, तो जवाब में एरड्रिक कहता है— “द एंड.”

इस छोटे से टीजर ने फिल्म की कहानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं और फैंस अब पूरी फिल्म को लेकर और ज्यादा एक्साइटेड हैं.

पहले दोनों पार्ट्स ने की थी बंपर कमाई

‘ड्यून पार्ट 3’ से कमाई के मामले में भी बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं. इसके पहले दोनों पार्ट्स बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं.

2021 में रिलीज हुई ‘ड्यून’ ने दुनियाभर में करीब 410 मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया था. इसके बाद 2024 में रिलीज हुई ‘ड्यून: पार्ट टू’ ने करीब 715 मिलियन डॉलर की कमाई की. इस तरह दोनों फिल्मों ने मिलकर दुनियाभर में 1.1 बिलियन डॉलर से ज्यादा का कारोबार किया.

पहले वीकेंड में 100 मिलियन डॉलर की उम्मीद

फिल्म को लेकर शुरुआती बज को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि ‘ड्यून पार्ट 3’ अपने पहले वीकेंड में ही 100 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर सकती है.

हालांकि, अभी फिल्म की रिलीज में कई महीने बाकी हैं. ऐसे में एडवांस बुकिंग और प्री-सेल्स के शुरुआती रिस्पॉन्स को देखते हुए सिर्फ अनुमान लगाया जा सकता है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा रिकॉर्ड बनाएगी.

फिलहाल टिकटों की प्री-सेल शुरू होते ही वेबसाइट का क्रैश होना इस बात का संकेत है कि ‘ड्यून पार्ट 3’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह है. अब असली परीक्षा 18 दिसंबर को होगी, जब फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *