KNEWS DESK – तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ लंबे समय से रिलीज का इंतजार कर रही है। फिल्म को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है, लेकिन लगातार टलती रिलीज ने दर्शकों की उत्सुकता को निराशा में बदलना शुरू कर दिया है। इसी बीच विजय ने फिल्म से जुड़ा एक अहम फैसला लिया है, जिसकी चर्चा फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, थलपति विजय ने फिल्म के प्रोडक्शन हाउस को निर्देश दिया है कि जिन डिस्ट्रीब्यूटर्स ने फिल्म के वितरण अधिकारों के लिए अग्रिम राशि जमा की थी, उनका पैसा वापस लौटा दिया जाए। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब फिल्म की रिलीज को लेकर अब भी कोई स्पष्टता नहीं है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहना है कि लंबे समय तक रिलीज अटकी रहने की वजह से डिस्ट्रीब्यूटर्स का निवेश फंसा हुआ था। ऐसे में विजय नहीं चाहते थे कि उनकी वजह से किसी कारोबारी को आर्थिक नुकसान या परेशानी का सामना करना पड़े। इसी सोच के तहत रिफंड प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
दरअसल, ‘जन नायकन’ को पहले इस साल जनवरी में रिलीज किया जाना था। हालांकि सेंसर से जुड़ी प्रक्रियाओं और कुछ कानूनी अड़चनों के चलते फिल्म समय पर सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सकी। मामला बाद में न्यायिक प्रक्रिया तक भी पहुंचा, जिसके कारण रिलीज और आगे खिसकती चली गई।
बाद में फिल्म को सेंसर बोर्ड की मंजूरी मिल गई, जिससे उम्मीद जगी कि अब जल्द रिलीज डेट का ऐलान होगा। लेकिन मंजूरी मिलने के कई महीने बाद भी फिल्म की नई रिलीज तारीख सामने नहीं आई है। यही वजह है कि फिल्म के भविष्य को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
फिल्म की परेशानियां यहीं खत्म नहीं हुईं। कुछ समय पहले ‘जन नायकन’ का हाई-क्वालिटी प्रिंट इंटरनेट पर लीक हो गया था, जिससे मेकर्स को बड़ा झटका लगा। इस मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था। मेकर्स ने इसे फिल्म इंडस्ट्री के लिए गंभीर चुनौती बताया था।
स्टारकास्ट की बात करें तो फिल्म में थलपति विजय के साथ पूजा हेगड़े, ममिता बैजू, बॉबी देओल और प्रकाश राज जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। बड़े सितारों से सजी इस फिल्म को विजय के करियर की सबसे चर्चित परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।
अब फैंस की निगाहें मेकर्स के अगले ऐलान पर टिकी हैं। सभी को इंतजार है कि आखिर ‘जन नायकन’ कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी और क्या यह लंबे इंतजार के बाद दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर पाएगी।