knews desk – ‘बिग बॉस 20’ का पहला हफ्ता खत्म होने से पहले ही घर में खूब हंगामा देखने को मिला. वीकेंड का वार में सलमान खान ने कंटेस्टेंट्स के रवैये पर सवाल उठाए और साफ कर दिया कि शो में टिके रहने के लिए सिर्फ घर में रहना काफी नहीं है, बल्कि अपनी मौजूदगी भी दर्ज करानी होगी. इस दौरान जहां सलमान ने अपने स्वैग और डांस से मंच पर रंग जमाया, वहीं घरवालों की आपसी कलह का भी खुलासा हुआ.
कनिका मान और यंग डीएसए में तीखी बहस
वीकेंड का वार से पहले घर के अंदर तनाव का माहौल बना हुआ था. कैप्टन यंग डीएसए और टीवी एक्ट्रेस कनिका मान के बीच दिन में सोने को लेकर बहस हो गई. यंग ने कनिका को टोका, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली.
वहीं, खाली थाली उठाकर न रखने की बात पर गुल्लू यानी कुशाल तंवर और गेमर स्काउट भी आमने-सामने आ गए. बहस बढ़ने पर उदिति सिंह ने बीच में आकर दोनों को समझाया. उन्होंने घरवालों से अपील की कि किसी भी विवाद में निजी या पारिवारिक बातों को न घसीटा जाए.
डाइनिंग टेबल पर रखे डिब्बे को लेकर अमन और आसिफ में विवाद
हफ्ते का सबसे बड़ा विवाद अमन गांधी और आसिफ खान के बीच देखने को मिला. डाइनिंग टेबल पर रखे एक डिब्बे को लेकर शुरू हुई बहस जल्द ही गाली-गलौज में बदल गई.
अमन ने आसिफ को ‘गंवार’ और ‘मक्खन’ कहकर उकसाया, जिसके बाद आसिफ भी अपना आपा खो बैठे. दोनों के बीच जमकर अपशब्दों का इस्तेमाल हुआ. गुस्से में आसिफ ने अमन को बाहर मिलने की धमकी तक दे दी.
मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई. हालांकि, बाकी घरवालों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया.
सलमान ने काजी तौकीर को बताया असली रॉकस्टार
वीकेंड का वार में सलमान खान ने कई कंटेस्टेंट्स से बातचीत की. उन्होंने माही विज से परिवार और बच्चों की याद को लेकर बात की. वहीं, आम्रपाली दुबे से पूछा कि क्या घर में उनकी ओर से कोई कमी रह गई है.
कनिका मान को गेम में बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह देते हुए सलमान ने कहा कि वह जिस अंदाज में खेल रही हैं, उसी धार के साथ आगे बढ़ें.
इसके बाद सलमान ने काजी तौकीर की तारीफ की. उन्होंने कहा कि घर में कितने भी स्टार्स हों, लेकिन असली रॉकस्टार सिर्फ एक ही है और वो हैं काजी तौकीर. सलमान की तारीफ के बाद काजी ने अपना सिग्नेचर स्टेप ‘आई एम अ रॉकस्टार बेबी’ किया. बाकी घरवालों ने भी उनके साथ डांस किया.
माहौल तब और मजेदार हो गया, जब बॉक्सर मैरी कॉम ने एक्टिविटी एरिया में गाना गाया और यंग डीएसए ने अपने रैप से सभी का मनोरंजन किया.
टास्क में घरवालों ने निकाली एक-दूसरे पर भड़ास
सलमान खान ने घरवालों के बीच छिपी नाराजगी सामने लाने के लिए कई टास्क कराए. एक टास्क में काजी तौकीर और यंग डीएसए में से सबसे ज्यादा परेशान करने वाले कंटेस्टेंट को चुनना था. चुने गए कंटेस्टेंट के चेहरे पर पानी डालकर उसे ‘म्यूट’ करना था. इस दौरान ज्यादातर घरवालों ने काजी की ओर इशारा किया.
इसके बाद अरिश्फा खान के बचकाने व्यवहार पर भी सलमान ने सवाल उठाए. उन्होंने घर में बच्चों के प्रैम और खिलौनों से जुड़ा टास्क कराया. इसमें अरिश्फा ने लव गिल को डायपर, काजी को झुनझुना और आसिफ को बच्चों वाली प्रैम दी.
कौन बना ‘बॉस’ और किसे मिला ‘लॉस’ का टैग?
वीकेंड के एक अहम टास्क में घरवालों को बताना था कि उनके हिसाब से कौन कंटेस्टेंट गेम में सबसे मजबूत है और कौन कमजोर पड़ रहा है.
काजी तौकीर को माही, उदिति, अमन, अरिश्फा, गुल्लू और कनिका ने सबसे दमदार ‘बॉस’ माना. वहीं, मैरी कॉम को लव और ईशा का समर्थन मिला.
दूसरी ओर, लव गिल को माही, उदिति और अरिश्फा ने ‘लॉस’ करार दिया. अमन गांधी के गेम पर स्काउट, आसिफ, रोहैद और लव ने सवाल उठाए. वहीं, स्काउट को कनिका, गुल्लू, ईशा और अमन ने कमजोर प्रदर्शन करने वाला कंटेस्टेंट माना.
सलमान ने दी सुस्त कंटेस्टेंट्स को चेतावनी
टास्क खत्म होने के बाद सलमान खान ने घरवालों को उनके प्रदर्शन का आईना दिखाया. उन्होंने कहा कि कुछ कंटेस्टेंट्स का सुस्त रवैया बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है.
सलमान ने उदिति सिंह, रोहैद खान और रीति तिवारी को विशेष रूप से चेतावनी दी. उन्होंने साफ कहा कि अगर ये कंटेस्टेंट्स अब भी गहरी नींद से नहीं जागे और अपना स्टैंड नहीं लिया, तो बिग बॉस के सफर में उनके लिए टिकना मुश्किल हो सकता है.
पहले ही हफ्ते में हुए इन विवादों और सलमान की फटकार के बाद अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में घरवालों का गेम किस तरह बदलता है.