KNEWS DESK – कंटेंट क्रिएटर और इंफ्लुएंसर अपूर्वा मखीजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अपने बेबाक अंदाज और विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहने वाली अपूर्वा ने अब अपनी जिंदगी में बड़ा बदलाव किया है. ‘लॉकअप 2’ में इंफॉर्मर के तौर पर नजर आ चुकीं अपूर्वा ने खुलासा किया है कि वह अब भारत में नहीं रहतीं. वह पढ़ाई के लिए न्यूयॉर्क शिफ्ट हो गई हैं और जल्द ही वहां अपनी स्टूडेंट लाइफ शुरू करने वाली हैं.
क्यों छोड़ा भारत?
हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपूर्वा ने अपनी विदेश शिफ्टिंग को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि वह पढ़ाई के लिए न्यूयॉर्क गई हैं. इसके साथ ही वह नए लोगों से मिलना और जिंदगी को एक अलग नजरिए से समझना चाहती हैं.
अपूर्वा ने बताया कि ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ विवाद के बाद उनकी जिंदगी काफी बदल गई थी. बार-बार सोशल मीडिया पर कैंसल होने और फिर वापसी करने के सिलसिले से वह परेशान हो गई थीं. उनका कहना था कि आज के दौर में किसी क्रिएटर के कुछ समय के लिए भी कैंसल होने का असर सीधे उसके काम और ब्रांड डील्स पर पड़ सकता है.
उन्होंने यह भी माना कि कैंसल होने के दौरान कमाई रुकना उन्हें सबसे ज्यादा परेशान करता है. अपूर्वा ने बेबाक अंदाज में कहा कि उन्हें पैसे कमाना पसंद है.
पहली नजर में पसंद आ गया न्यूयॉर्क
अपूर्वा के मुताबिक, वह पहले कई जगहों पर घूम चुकी हैं, लेकिन जब पहली बार न्यूयॉर्क पहुंचीं तो उन्हें लगा कि वह इसी शहर में रहना चाहती हैं. उन्हें वहां की तेज रफ्तार जिंदगी, लोगों का फैशन, खाना और ऊंची इमारतें काफी पसंद आईं.
उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पसंद की कई वेब सीरीज में न्यूयॉर्क को देखा था और लंबे समय से इस शहर में रहने का सपना था. इसी वजह से उन्होंने न्यूयॉर्क के सिर्फ एक कॉलेज में आवेदन किया था. अब उनका वहां एडमिशन हो गया है.
न्यूयॉर्क में करेंगी MBA
अपूर्वा ने अपने पॉडकास्ट का वीडियो इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, “तो अब मैं भारत में नहीं रहती.” उन्होंने बताया कि न्यूयॉर्क जाना उनका सपना था, इसलिए वह इस फैसले को लेकर खुश हैं, लेकिन उनके मन में डर भी है.
भारत में उनके दोस्त, करियर और अब तक की जिंदगी रही है. वहीं न्यूयॉर्क में वह डॉर्म में रहकर एक बार फिर स्टूडेंट लाइफ का अनुभव करेंगी. अपूर्वा ने बताया कि वह वहां MBA की पढ़ाई करेंगी.
नया सोशल सर्कल बनाना चाहती हैं
अपूर्वा ने विदेश जाने की एक और वजह बताते हुए कहा कि वह नए लोगों से मिलना चाहती हैं. वह अपने सोशल सर्कल को सिर्फ कंटेंट क्रिएटर्स तक सीमित नहीं रखना चाहतीं. कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उन्हें अलग-अलग बैकग्राउंड के लोगों से मिलने और नई चीजें सीखने का मौका मिलेगा.
कंटेंट क्रिएशन को लेकर भी अपूर्वा ने संकेत दिया कि न्यूयॉर्क जाने के बाद उनके काम करने का तरीका बदल सकता है. उन्होंने कहा कि वह कंटेंट इसलिए बनाती हैं क्योंकि उन्हें पता है कि दर्शक क्या देखना पसंद करते हैं और क्या चीज बिकती है. हालांकि, न्यूयॉर्क में वह तभी कंटेंट बनाएंगी जब उनका मन होगा.
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनके स्टोरीटाइम वीडियोज पहले की तरह नियमित नहीं होंगे. यानी पढ़ाई और नई जिंदगी के बीच अब अपूर्वा कंटेंट क्रिएशन को अपनी शर्तों पर आगे बढ़ाना चाहती हैं.
फिलहाल अपूर्वा का न्यूयॉर्क शिफ्ट होना उनके फैंस के लिए बड़ा अपडेट है. अब देखना दिलचस्प होगा कि MBA की पढ़ाई और नई जिंदगी के साथ उनका कंटेंट क्रिएशन किस तरह आगे बढ़ता है.