ऐश्वर्या लक्ष्मी ने आउटफिट विवाद पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- संस्कृति सिर्फ कपड़ों की लंबाई में नहीं होती

KNEWS DESK – साउथ एक्ट्रेस ऐश्वर्या लक्ष्मी ने अपने आउटफिट को लेकर हुई सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। मई में एक डायमंड ज्वेलरी एग्जीबिशन के दौरान उनके पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। अब एक हालिया बातचीत में एक्ट्रेस ने कपड़ों को लेकर महिलाओं को जज करने वाली सोच पर सवाल उठाए हैं।

कैमरे के फोकस से हुईं असहज

रजनी हरिदास के साथ बातचीत में ऐश्वर्या लक्ष्मी ने बताया कि इवेंट के दौरान फोटोग्राफरों के व्यवहार से उन्हें असहज महसूस हुआ। उन्होंने कहा कि कैमरे उनके चेहरे पर फोकस करने के बजाय शरीर पर केंद्रित थे।

एक्ट्रेस के मुताबिक, ऐसी स्थिति में उनकी बॉडी लैंग्वेज भी बदल गई और उन्हें लगा कि उनकी निजी सीमाओं का उल्लंघन किया जा रहा है।

‘महिलाओं के कपड़ों से संस्कृति क्यों जोड़ते हैं?’

ऐश्वर्या ने कहा कि लोगों ने उनकी असहजता को कपड़ों से जोड़ दिया, जबकि असल समस्या कैमरों के फोकस को लेकर थी। उन्होंने सवाल उठाया कि किसी महिला की संस्कृति को उसकी नेकलाइन या ड्रेस की लंबाई से क्यों जोड़ा जाता है।

एक्ट्रेस ने कहा कि संस्कृति सिर्फ पहनावे में नहीं, बल्कि व्यक्ति के व्यवहार में भी दिखाई देती है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि महिलाओं के कपड़ों पर सवाल उठाने वालों को रोकने के बजाय हमेशा महिलाओं को ही अपने पहनावे को लेकर सावधान रहने की सलाह क्यों दी जाती है।

शुरुआत में ट्रोलिंग को हंसी में उड़ाया

ऐश्वर्या ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना को गंभीरता से नहीं लिया और करीब 24 घंटे तक इस पर हंसती रहीं। लेकिन बाद में जब मामला तेजी से वायरल हुआ, तो वह हैरान रह गईं कि उनके आउटफिट को लेकर इतनी बड़ी बहस खड़ी हो गई।

कौन हैं ऐश्वर्या लक्ष्मी?

ऐश्वर्या लक्ष्मी मलयालम और तमिल सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर हैं। उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई की है। मॉडलिंग से करियर शुरू करने के बाद उन्होंने साल 2017 में फिल्म ‘नजांदुकालुडे नाटिल ओरिडावेला’ से एक्टिंग की शुरुआत की।

उन्हें ‘मायानाधी’ से खास पहचान मिली। इसके बाद वह ‘वरथन’, ‘पोन्नियिन सेलवन’ और ‘गट्टा कुश्ती’ जैसी फिल्मों में भी नजर आईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *