KNEWS DESK – 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना में कई मासूमों की जान चली गई और देश की जनता सदमे में है। हर वर्ग के लोग, आम हो या खास, इस त्रासदी पर गहरा दुख और आक्रोश जता रहे हैं।
अब इस हमले पर देश के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंसानियत और संवेदना का परिचय देते हुए अपना नया म्यूजिक प्रोजेक्ट अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया है।
बादशाह ने शेयर किया इंस्टाग्राम पोस्ट
बादशाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल नोट साझा करते हुए लिखा, पहलगाम में नागरिकों पर हुए दिल दहला देने वाले हमले से हमारा दिल भी दहल गया है। हम इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों और पूरे देश के साथ गहरी एकजुटता में खड़े हैं। उन्होंने आगे बताया कि इस घटना की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने अपनी नई म्यूजिक रिलीज को अगली सूचना तक स्थगित करने का फैसला किया है।
बादशाह ने अपने संदेश में आगे लिखा, आज हम उन लोगों की याद में रुकते हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई। हम एकता और संवेदना के साथ इस दुख को महसूस करते हैं। उनकी इस संवेदनशीलता भरी प्रतिक्रिया से साफ होता है कि जब देश दुख में हो, तो मनोरंजन और जश्न भी रुक जाते हैं, और एक कलाकार भी पहले इंसान होता है।
भारत का पाकिस्तान के प्रति सख्त रुख
हमले के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश यात्रा पर थे, लेकिन उन्होंने सऊदी अरब का दौरा रद्द करते हुए तत्काल भारत लौटने का फैसला लिया। इसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन से लेकर कई राजनयिक और व्यापारिक फैसले लिए जा चुके हैं। सरकार का यह संदेश स्पष्ट है — दर्द का जवाब दिया जाएगा, और वो भी सख्ती से।