KBC 18 के ग्रैंड प्रीमियर में होगा बड़ा सरप्राइज! अमिताभ संग नजर आ सकते हैं आमिर और सनी

Knews Desk– टेलीविजन का सबसे लोकप्रिय क्विज़ शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) अपने 18वें सीजन के साथ 10 अगस्त 2026 से वापसी करने जा रहा है. अमिताभ बच्चन एक बार फिर हॉट सीट पर बैठे प्रतियोगियों से सवाल पूछते नजर आएंगे. इस बार शो के फॉर्मेट में भी कुछ बदलाव किए गए हैं, जिससे गेम पहले से ज्यादा चुनौतीपूर्ण होने वाला है. लेकिन शो के नए सीजन की शुरुआत से पहले सबसे ज्यादा चर्चा इसके ग्रैंड प्रीमियर को लेकर हो रही है. खबरें हैं कि पहले एपिसोड में बॉलीवुड के दो बड़े सितारे सनी देओल और आमिर खान एक साथ नजर आ सकते हैं.

दरअसल, सनी देओल और आमिर खान की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म की रिलीज में अब कुछ ही दिन बाकी हैं और इसकी स्टारकास्ट लगातार देश के अलग-अलग शहरों में प्रमोशन कर रही है. ट्रेलर लॉन्च के बाद फिल्म की टीम जयपुर, पटना और अहमदाबाद जैसे शहरों में पहुंची, जहां दर्शकों के बीच फिल्म का प्रचार किया गया. अब माना जा रहा है कि प्रमोशन के अगले चरण में दोनों सितारे KBC 18 के मंच पर भी दिखाई दे सकते हैं.रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ के लीड एक्टर सनी देओल और फिल्म के प्रोड्यूसर आमिर खान शो के ग्रैंड प्रीमियर एपिसोड में अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा कर सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो यह लंबे समय बाद होगा जब आमिर खान और सनी देओल किसी टीवी शो में एक साथ अपनी फिल्म का प्रमोशन करते नजर आएंगे.

दिलचस्प बात यह है कि अब तक फिल्म के प्रचार अभियान में आमिर खान की मौजूदगी काफी कम देखने को मिली है. फिल्म के प्रमोशनल इवेंट्स में सनी देओल, निर्देशक राजकुमार संतोषी और अन्य कलाकार लगातार शामिल हो रहे हैं, लेकिन आमिर ज्यादातर प्रचार से दूर रहे हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि उन्होंने अपनी पहली बड़ी प्रमोशनल मौजूदगी KBC 18 जैसे हाई-प्रोफाइल मंच के लिए बचाकर रखी है.अगर दोनों सितारे अमिताभ बच्चन के साथ शो में नजर आते हैं तो यह न सिर्फ फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के लिए बड़ा प्रमोशनल मौका होगा, बल्कि KBC के नए सीजन की शुरुआत भी और ज्यादा भव्य बन जाएगी. अमिताभ बच्चन, सनी देओल और आमिर खान को एक साथ एक मंच पर देखना दर्शकों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होगा.

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का प्रसारण 10 अगस्त से सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और SonyLIV पर किया जाएगा. इस बार शो में कई नए बदलाव किए गए हैं, जिससे प्रतियोगियों के लिए खेल पहले से ज्यादा रोमांचक और कठिन होने वाला है. यही वजह है कि दर्शकों के बीच नए सीजन को लेकर उत्साह लगातार बढ़ रहा है.वहीं, ‘बंटवारा 1947’ की बात करें तो फिल्म 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज होगी. हाल ही में फिल्म के फाइनल कट की स्क्रीनिंग भी पूरी हो चुकी है. अब दर्शकों की नजरें फिल्म के ट्रेलर के बाद उसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन और स्टारकास्ट के प्रमोशनल अभियान पर टिकी हैं. हालांकि, फिलहाल सनी देओल और आमिर खान के KBC 18 के ग्रैंड प्रीमियर में शामिल होने को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में फैंस को अंतिम पुष्टि का इंतजार रहेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *