KNEWS DESK – ‘370 रुपये बिरयानी’ विवाद में स्टैंडअप कॉमेडियन और ‘बिग बॉस’ फेम प्रणित मोरे की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। रविवार 22 जून को वह राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के समक्ष पेश हुए। उनके साथ वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा भी NCW कार्यालय पहुंचे, जहां दोनों से विवादित टिप्पणी को लेकर पूछताछ की गई।
NCW कार्यालय पहुंचते समय प्रणित मोरे और हिमांशु जांगड़ा ने मास्क पहन रखा था। मीडिया ने दोनों से इस मामले पर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने कोई बयान नहीं दिया और सीधे आयोग के कार्यालय के अंदर चले गए। इस घटना का वीडियो समाचार एजेंसी PTI ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर भी साझा किया है।
क्या है 370 रुपये बिरयानी विवाद?
यह विवाद प्रणित मोरे के एक स्टैंडअप शो के दौरान शुरू हुआ था। शो में मौजूद हिमांशु जांगड़ा ने बताया कि वह एक लड़की के साथ डेट पर गया था, जहां उसने उसके लिए 370 रुपये की चिकन बिरयानी खरीदी। इसके बाद उसने दावा किया कि जब लड़की ने उसे घर छोड़ने के लिए कहा तो उसे लगा कि उसके खर्च किए गए पैसों के बदले उसे फिजिकल रिलेशन की उम्मीद करनी चाहिए।
हिमांशु की इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। आरोप लगे कि इस बयान ने महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक और असम्मानजनक सोच को बढ़ावा दिया। विवाद तब और बढ़ गया जब लोगों ने यह आरोप लगाया कि प्रणित मोरे ने हिमांशु की बात का विरोध करने के बजाय उस पर हंसी जताई और शो की क्लिप को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया।
प्रणित मोरे ने मांगी माफी
मामला तूल पकड़ने के बाद प्रणित मोरे ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए माफी मांगी। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और अगर उनकी वजह से किसी को दुख पहुंचा है तो वह इसके लिए खेद प्रकट करते हैं।
विवाद के बाद हिमांशु जांगड़ा को गुरुग्राम स्थित उसकी कंपनी से नौकरी से निकाल दिया गया। वह एक डिजाइन कंपनी में वेब डेवलपर के रूप में कार्यरत था। बढ़ते विवाद के बीच उसने भी सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिव कर दिया।