गीतकार माया गोविंद का निधन, 350 फिल्मों के लिए लिखे थे गाने

कवयित्री और गीतकार माया गोविंद (Maya Govind) का निधन हो गया है। उन्होंने गुरुवार की सुबह अपने घर में आखिरी सांस ली। माया लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्हें ब्रेन ब्लड क्लॉटिंग होने की वजह से जनवरी में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद वो डिस्चार्ज होकर घर भी आ गई थीं। लेकिन उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी।

माया गोविंद लंबे समय से थीं बीमार

माया गोविंद लंबे समय से बीमारी थीं। ऐसे में उनके बेटे अजय गोविंद उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी साझा करते रहते थे। उनके बेटे ने एक चैनल से बात करते हुए बताया था कि उनकी मां को पहले लंग इंफेक्शन और फिर ब्रेन ब्लड क्लॉटिंग हो गई थी। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उनका इलाज घर पर ही शुरू करवा दिया गया था।

करीब 350 फिल्मों के लिए लिखे गाने

माया गोविंद ने करीब 350 फिल्मों के लिए गाने लिखे थे। उन्होंने गीतकार के तौर पर ही अपने करियर की शुरुआत की थी। फिल्म ‘रजिया सुल्तान’, ‘बाल ब्रह्मचारी’, ‘आर या पार’, ‘गर्व’,’लाल बादशाह’,’याराना’ जैसी तमाम हिट फिल्मों के गाने उन्होंने लिखे थे। उन्हें कई अवॉर्ड्स से सम्मानित किया गया था। उनके निधन की खबर सुनकर पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

About Post Author