स्पेशल चेकिंग अभियान की तैयारी, बिना फिटनेस और जरूरी दस्तावेज वाले स्कूल वाहन होंगे सी
Knews Desk- राजधानी लखनऊ में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। परिवहन विभाग की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बावजूद 493 स्कूली वाहनों की फिटनेस अब तक नहीं कराई गई है। इन वाहनों में कई निजी स्कूलों की बसें और वैन शामिल हैं। अब विभाग ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने की तैयारी में है।
लखनऊ में करीब 4,500 स्कूली वाहन संचालित हैं। बच्चों की सुरक्षित आवाजाही को लेकर लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में वाहन तय मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ कार्यालय ने वाहन स्वामियों को फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (PUC), परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज अपडेट कराने के लिए नोटिस जारी किए थे।
नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे वाहन मालिक
परिवहन विभाग के अनुसार, नोटिस मिलने के बाद भी 493 वाहन स्वामियों ने तय समय सीमा के भीतर फिटनेस और अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं कीं। अब विभाग ऐसे सभी वाहनों की विशेष जांच करेगा। अभियान के दौरान बिना फिटनेस या जरूरी दस्तावेजों के चलते मिले स्कूली वाहनों को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
जल्द शुरू होगा स्पेशल चेकिंग अभियान
एआरटीओ (प्रशासन) प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ जल्द विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।