डिजिटल डेस्क- राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 री-एग्जाम (पुनः परीक्षा) को लेकर बेहद महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए अनिवार्य फ्रिस्किंग (सुरक्षा जांच) और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन को कड़ाई से लागू किया जा रहा है। हालांकि, एनटीए ने छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यह भी साफ किया है कि तकनीकी कारणों से किसी का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पाता है, तो भी उसे परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा। एनटीए के मुताबिक, अगर मशीन में खराबी, बायोमेट्रिक डेटा की खराब गुणवत्ता, सर्वर कनेक्टिविटी में समस्या या किसी शारीरिक कारण से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन नहीं हो पाता है, तो उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र पर ही एक लिखित घोषणा-पत्र भरना होगा। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी छात्र को बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए परेशान नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर यह प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से पहले या फिर परीक्षा खत्म होने के बाद पूरी की जा सकती है।
ड्रेस कोड और फुटवियर को लेकर निर्देश
परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही एनटीए ने चप्पल या कम हील वाले फुटवियर पहनने को कहा है। ऊंची हील वाले जूते पहनने वाले उम्मीदवारों की परीक्षा केंद्र पर अतिरिक्त और गहन जांच की जा सकती है। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, बड़े बेल्ट बकल, भारी आभूषण और धातु की अन्य वस्तुओं पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थी अपने साथ केवल एक ट्रांसपैरेंट पानी की बोतल और पारदर्शी प्लास्टिक पाउच में एडमिट कार्ड ले जा सकते हैं।
धार्मिक पोशाक और कलावा पहनने की पूरी अनुमति
एजेंसी ने साफ किया है कि परीक्षार्थियों को धार्मिक प्रतीक, कलावा, पगड़ी या हिजाब आदि पहनने की पूरी अनुमति रहेगी। जरूरत होने पर फुल स्लीव या ऊनी कपड़े पहनने की भी छूट होगी। हालांकि, ऐसे सभी उम्मीदवारों को जो विशेष या धार्मिक पोशाक पहनकर आ रहे हैं, उन्हें सुरक्षा जांच के लिए पर्याप्त समय लेकर निर्धारित रिपोर्टिंग टाइम से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा ताकि सघन जांच समय पर पूरी हो सके।
परीक्षा का समय और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
यह परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। वहीं, अतिरिक्त समय के पात्र PwD/PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा का समय शाम 6:20 बजे तक रहेगा। एनटीए ने सभी उम्मीदवारों से परीक्षा केंद्र के कर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी है कि बिना किसी वैध कारण के बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से इनकार करना नियमों का उल्लंघन माना जाएगा और इसके लिए कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।