IIT मद्रास में अब इंजीनियर ही नहीं, डॉक्टर भी बनेंगे! MBBS-MD शुरू करने की तैयारी

Knews Desk– देश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में शामिल IIT मद्रास अब मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में भी कदम रखने की तैयारी कर रहा है. संस्थान जल्द ही मेडिकल साइंसेज स्कूल स्थापित करने की योजना पर काम कर रहा है, जहां MBBS के साथ MD और डॉक्टोरल PhD जैसे कोर्स शुरू किए जा सकते हैं. IIT मद्रास के डायरेक्टर प्रोफेसर वी. कामकोटी ने इसकी जानकारी दी है. अगर योजना मंजूरी के बाद लागू होती है, तो IIT मद्रास इंजीनियरिंग के साथ मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बना सकेगा.

इंडिया टुडे को दिए इंटरव्यू में प्रोफेसर वी. कामकोटी ने बताया कि IIT मद्रास मेडिकल साइंसेज का एक स्कूल स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. इस स्कूल के जरिए संस्थान मेडिकल डिग्री प्रदान करने की तैयारी कर रहा है. इसके तहत MBBS की पढ़ाई के अलावा पोस्टग्रेजुएट स्तर पर MD और रिसर्च से जुड़े डॉक्टोरल PhD प्रोग्राम भी शुरू किए जाने की योजना है.

IIT मद्रास में मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा काम पूरी तरह नया नहीं है. संस्थान ने साल 2023 में ही मेडिकल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट की शुरुआत की थी. इसे देश में अपनी तरह का पहला विभाग बताया गया था. इस विभाग का उद्देश्य इंजीनियरिंग और मेडिकल साइंस के बीच तालमेल बढ़ाना है. यहां ऐसे हाइब्रिड प्रोफेशनल तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है, जिन्हें इंजीनियरिंग के साथ-साथ बायोलॉजी और मानव शरीर से जुड़ी तकनीक की समझ हो.मेडिकल साइंसेज स्कूल की स्थापना इसी दिशा में अगला बड़ा कदम मानी जा रही है. IIT मद्रास की योजना सिर्फ मेडिकल कोर्स शुरू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्थान मेडिकल रिसर्च और टेक्नोलॉजी को भी एक साथ आगे बढ़ाना चाहता है. इससे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, बायोमेडिकल इंजीनियरिंग और हेल्थ टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में नए शोध के अवसर पैदा हो सकते हैं.

MBBS और MD जैसे मेडिकल कोर्स शुरू करने के लिए संस्थान को जरूरी नियामकीय मंजूरियां हासिल करनी होंगी. इसके लिए अस्पताल और जरूरी मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करना भी अहम होगा. IIT मद्रास इसी मॉडल पर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहा है. संस्थान अपना अस्पताल स्थापित करने की योजना पर भी काम करेगा, जिसके आधार पर मेडिकल कोर्सों की मान्यता के लिए संबंधित नियामक संस्था से मंजूरी मांगी जा सकेगी.इस दिशा में IIT खड़गपुर का उदाहरण भी महत्वपूर्ण है. IIT खड़गपुर पहले ही मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्र में कदम बढ़ा चुका है और वहां MD कोर्स संचालित किया जा रहा है. वहीं MBBS कोर्स के लिए मान्यता की प्रक्रिया पूरी होना बाकी है. IIT मद्रास भी इसी तरह के मॉडल को अपनाकर मेडिकल शिक्षा में प्रवेश करने की तैयारी कर रहा है.

अगर IIT मद्रास की योजना को जरूरी मंजूरियां मिल जाती हैं, तो देश के टॉप इंजीनियरिंग संस्थानों में मेडिकल शिक्षा का दायरा और बढ़ सकता है. इससे इंजीनियरिंग और चिकित्सा के बीच रिसर्च सहयोग को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. खासकर मेडिकल डिवाइस, हेल्थ टेक्नोलॉजी और आधुनिक उपचार प्रणालियों के विकास में इसका फायदा मिल सकता है.हालांकि, अभी MBBS और MD कोर्स शुरू होने की अंतिम तारीख, सीटों की संख्या, फीस और एडमिशन प्रक्रिया की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. इन सभी पहलुओं पर तस्वीर जरूरी मंजूरियों और संस्थान की औपचारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी. फिलहाल IIT मद्रास का मेडिकल साइंस स्कूल शुरू करने का प्रस्ताव देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *