उत्तराखंड के 11 हजार छात्रों को फ्री कोचिंग, UPSC से CAT तक की तैयारी कराएगी सरकार

Knews Desk – उत्तराखंड सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे राज्य के युवाओं के लिए बड़ी पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 7 सितंबर को विभिन्न प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत प्रदेश के 11 हजार स्टूडेंट्स को फ्री कोचिंग दी जाएगी।सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर या संसाधनों की कमी से जूझ रहे प्रतिभावान युवाओं को बेहतर तैयारी का अवसर देना है। योजना के माध्यम से देश के प्रतिष्ठित शिक्षकों, विषय विशेषज्ञों और प्रोफेशनल कोचिंग संस्थानों की शैक्षणिक सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस योजना के तहत अलग-अलग प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के लिए स्टूडेंट्स को सीटें आवंटित की गई हैं। UPSC और स्टेट PCS जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 2,000 स्टूडेंट्स को मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। वहीं SSC, रेलवे, बैंकिंग सर्विस और समकक्ष परीक्षाओं की तैयारी के लिए 5,000 स्टूडेंट्स को प्रशिक्षण मिलेगा।डिफेंस सर्विस से जुड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 2,000 स्टूडेंट्स का चयन किया जाएगा। इसके अलावा NET, GATE, CSIR और JRF जैसी परीक्षाओं के लिए 1,000 स्टूडेंट्स को फ्री कोचिंग मिलेगी। CAT और MAT जैसी मैनेजमेंट प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी 1,000 स्टूडेंट्स को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस योजना का लाभ लेने के लिए स्टूडेंट्स का चयन खुली ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा के जरिए किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर संबंधित परीक्षा की तैयारी के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।चयन प्रक्रिया में टॉपर और मेधावी स्टूडेंट्स को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही उम्मीदवार की योग्यता, स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रदर्शन और निर्धारित पात्रता मानकों को भी ध्यान में रखा जाएगा। सरकार का लक्ष्य ऐसे छात्रों को अवसर देना है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर गंभीर हैं और अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं।

इस योजना की खास बात यह है कि छात्रों को सिर्फ लाइव ऑनलाइन क्लास की सुविधा ही नहीं मिलेगी। उन्हें रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल स्टडी मटेरियल, विषयवार प्रश्न बैंक, नियमित ऑनलाइन टेस्ट और मॉक टेस्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। परीक्षा के पैटर्न के अनुसार अभ्यास और तैयारी के लिए डिजिटल लर्निंग सपोर्ट भी दिया जाएगा।सरकार की इस पहल से उन छात्रों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है, जो महंगी कोचिंग फीस के कारण बड़े शहरों में जाकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते हैं। ऑनलाइन माध्यम से उन्हें घर बैठे विशेषज्ञ शिक्षकों और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तक पहुंच मिल सकेगी।UPSC, PCS, SSC, बैंकिंग, रेलवे, डिफेंस, NET, GATE और CAT/MAT जैसी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए यह योजना एक बड़ा अवसर साबित हो सकती है। अब छात्रों को स्क्रीनिंग परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर इस मुफ्त कोचिंग सुविधा का लाभ उठाना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *