दिल्ली: संसद मार्ग थाने पहुंची CJP टीम, निशु आजाद के पिता पर हमले में कार्रवाई की मांग

CJP नेताओं ने जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता संजय के साथ हुई मारपीट का मुद्दा उठाया. संगठन ने दिल्ली पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी और गंभीर धाराएं लगाने की मांग की.

KNews Desk: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे. दोनों नेताओं ने अपनी कार्यकर्ता निशु आजाद और उनके पिता संजय के लिए न्याय की मांग की. उनका आरोप है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान संजय के साथ मारपीट की गई और उनका सिर फोड़ दिया गया, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है.

CJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान संजय के साथ खुलेआम मारपीट हुई. उन्होंने कहा कि संगठन लगातार दिल्ली पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग करता रहा है.

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

आशुतोष रांका ने कहा कि जिन लोगों पर हमला करने का आरोप है, वे कथित तौर पर खुद इस घटना को स्वीकार कर रहे हैं. उन्होंने दिल्ली पुलिस से मांग की कि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और घटना की गंभीरता के अनुसार सख्त धाराएं लगाई जाएं.

रांका ने यह भी आरोप लगाया कि कपिल मिश्रा और बीजेपी से जुड़े लोगों के कथित दबाव के कारण पुलिस ने कार्रवाई नहीं की. उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति ने किसी की जान लेने की कोशिश की है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए.

CJP ने पुलिस से पूछे सवाल

CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में पहले भी हिंसक घटनाओं में शामिल रहे लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई है.

सौरव दास ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की घटना के दौरान 2800 से अधिक कथित घोर अपराधियों की पहचान किए जाने की बात कही थी. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इन लोगों में से किसी ने गंभीर अपराध किया है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है.

उन्होंने कहा कि CJP की टीम घटना के बाद से ही छात्रों और निशु आजाद के परिवार के साथ खड़ी है. संगठन की लीगल टीम, सौरव दास, चंद्रशेखर आजाद और निशु आजाद की पुलिस के साथ बैठक भी हुई.

चंद्रशेखर आजाद भी पहुंचे थाने

आज़ाद समाज पार्टी-कांशी राम के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी CJP नेताओं के समर्थन में पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे. वह निशु आजाद और उनके पिता संजय के लिए न्याय की मांग कर रहे CJP नेताओं के समर्थन में वहां पहुंचे.

पुलिस स्टेशन के बाहर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई थी.

राहुल गांधी ने भी दिया था समर्थन

निशु आजाद ने इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मदद की अपील की थी. इसके बाद राहुल गांधी ने उनके वीडियो को रीपोस्ट करते हुए न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा जताया था.

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा था कि निशु को अपने समुदाय और छात्रों के अधिकारों की आवाज उठाने की वजह से निशाना बनाया गया. उन्होंने दिल्ली पुलिस पर छात्रों के खिलाफ कथित कार्रवाई और निशु के पिता पर हमला करने वाले आरोपी के खुलेआम घूमने को लेकर सवाल उठाए थे.

राहुल गांधी ने निशु से कहा था कि उनकी लड़ाई अकेली नहीं है और न्याय मिलने तक साथ खड़े रहने का भरोसा दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *