CBSE पोर्टल पर साइबर खतरा, 50 छात्रों ने की सिस्टम में हाराफेरी

Knews Desk- सीबीएसई के री-इवैल्यूएशन और उत्तर पुस्तिका संबंधी ऑनलाइन पोर्टल को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में पोर्टल पर एक कथित साइबर अटैक हुआ, जिसमें करीब 50 छात्रों ने सिस्टम में अनधिकृत तरीके से प्रवेश करने की कोशिश की। इस घटना के बाद बोर्ड की ऑनलाइन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, सीबीएसई के ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सिस्टम और री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया से जुड़े पोर्टल पर असामान्य गतिविधियां दर्ज की गई थीं। कुछ छात्रों द्वारा सिस्टम की कमजोरियों का फायदा उठाकर अंदर तक पहुंचने के दावे भी सामने आए। एक छात्र ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि उसने पोर्टल में मौजूद कई तकनीकी खामियों की जानकारी पहले ही संबंधित एजेंसियों को दी थी।

हालांकि, सीबीएसई ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि जिस पोर्टल को लेकर हैकिंग की बात कही जा रही है, वह केवल टेस्टिंग प्लेटफॉर्म था और उसमें वास्तविक छात्रों के अंक या संवेदनशील डेटा मौजूद नहीं था। बोर्ड के मुताबिक, मुख्य मूल्यांकन पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें किसी तरह की सुरक्षा चूक सामने नहीं आई है।

इस पूरे मामले के बीच छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। हाल के दिनों में उत्तर पुस्तिकाओं के गलत अपलोड होने, भुगतान संबंधी तकनीकी दिक्कतों और पोर्टल क्रैश जैसी शिकायतें भी सामने आई थीं। इन घटनाओं के बाद शिक्षा मंत्रालय ने भी मामले का संज्ञान लिया है और डिजिटल सिस्टम को और मजबूत बनाने पर जोर दिया है। सीबीएसई का कहना है कि छात्रों के डेटा और परीक्षा परिणाम पूरी तरह सुरक्षित हैं। बोर्ड ने भरोसा दिलाया है कि सभी तकनीकी खामियों की जांच की जा रही है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *