Knews Desk- उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान एक गुमटी और आरोपी के घर में आग लगा दी गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मृतक की पहचान कोलकी चमरसन गांव निवासी 30 वर्षीय आनंद पुत्र इंद्रेश के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आनंद टाइल्स लगाने का काम करता था। गुरुवार रात वह एक मशीन देने के लिए बभनी चौराहे पर आया था और सामान खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव का रहने वाला नासिर अली वहां पहुंचा और धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से आनंद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक शादी समारोह के दौरान मृतक की भांजी से कथित छेड़खानी को लेकर आनंद और नासिर के बीच विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एडीजी अशोक मुथा जैन, डीआईजी संजीव त्यागी, एसपी संदीप कुमार मीणा और डीएम आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
मृतक के परिजन आरोपी के एनकाउंटर की मांग पर अड़े हुए हैं। वहीं, मृतक की पत्नी मीना ने कहा, “हमें जान के बदले जान चाहिए, और कुछ नहीं।” परिजनों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की भी मांग की है।
एसपी संदीप कुमार मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं, एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।