गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में मामूली रकम को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 23 वर्षीय युवक मुश्ताक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद फरार आरोपी अगले दिन पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया।
Knews Desk- गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में महज 20 रुपये के विवाद ने एक युवक की जान ले ली। विक्रम एन्क्लेव में 19 अगस्त को 23 वर्षीय मुश्ताक और 20 वर्षीय समीर उर्फ गट्टू के बीच पैसों को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि समीर ने मुश्ताक पर चाकू से हमला कर दिया।
चाकू के वार से मुश्ताक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
हत्या के बाद आरोपी समीर फरार था। पुलिस को सूचना मिली कि वह शालीमार गार्डन के आसपास छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने इलाके में चेकिंग अभियान तेज कर दिया।
इसी दौरान डीएलएफ रोड की तरफ से KTM बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर टेलीफोन एक्सचेंज की ओर जाने वाली सुनसान गली में भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे घेर लिया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, घिरने के बाद आरोपी ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बचाव में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान दिल्ली के सीमापुरी निवासी समीर उर्फ गट्टू के तौर पर हुई है।
तमंचा और चोरी की KTM बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की KTM बाइक बरामद करने का दावा किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि समीर के खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी की बाइक कहां से हासिल की गई थी और क्या आरोपी किसी अन्य आपराधिक वारदात में भी शामिल रहा है।