मुरादाबाद में सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। जामा मस्जिद रामगंगा पुल से उफनती नदी में छलांग लगाने के बाद युवक तेज बहाव में फंस गया। वह देखते ही देखते पानी में बहने लगा, लेकिन स्थानीय गोताखोरों ने समय रहते उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
Knews Desk- मुरादाबाद के मुगलपुरा इलाके में जामा मस्जिद रामगंगा पुल से एक युवक के नदी में छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक रील बनाने और स्टंट करने के लिए उफनती रामगंगा में कूद गया था। नदी का बहाव काफी तेज था, जिसके कारण वह कुछ ही दूरी पर अपना संतुलन खो बैठा और डूबने लगा।
घटना के वक्त पुल पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। युवक को नदी में संघर्ष करते देख वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। इसी दौरान स्थानीय गोताखोर शब्बू और उनके साथियों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी।
तेज बहाव में करीब 50 कदम दूर बहा युवक
गोताखोरों ने तेज धार के बीच युवक को तलाशना शुरू किया। बहाव इतना तेज था कि युवक करीब 50 कदम दूर पप्पू वेल्डर के टीले के पास तक बह गया था। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने उसे पकड़ लिया और सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लाए।
समय पर हुए इस रेस्क्यू की वजह से युवक की जान बच गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में नदी के तेज बहाव और युवक को बचाने के लिए गोताखोरों की कोशिशें दिखाई दे रही हैं।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में युवक ने बताया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। उसने यह भी कहा कि उसे अपने भाई के बुलाने का भ्रम हुआ था, जिसके बाद उसने नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, स्थानीय लोगों के मुताबिक रामगंगा पुल पर अक्सर युवा रील बनाने और खतरनाक स्टंट करने के लिए नदी में छलांग लगाते हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रामगंगा पुल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल पर अक्सर युवक जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगाते हैं, लेकिन उन्हें रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है।
लोगों ने प्रशासन से पुल पर स्थायी पुलिस पिकेट लगाने और नदी में खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ऐसे स्टंट पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।