Knews Desk- माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी जाते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अबान अपने बड़े भाई से मिलने झांसी जेल जा रहा था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। पोस्टमॉर्टम के बाद अबान का शव प्रयागराज लाया जाएगा, जहां उसे कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की बात सामने आई है। इसी कब्रिस्तान में उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्रें भी हैं।
जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद अपने साथियों के साथ कार से झांसी जा रहा था। झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास उनकी तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, घायलों में उमर और एहजाम के हाथों में फ्रैक्चर आया है, जबकि जैद के माथे और पैर में चोट लगी है। सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
कसारी-मसारी कब्रिस्तान में होगा दफन
हादसे की सूचना मिलने के बाद अतीक अहमद की बहन समेत परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अबान का शव प्रयागराज लाया जाएगा। यहां चकिया के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसे दफनाए जाने की तैयारी है।
यह वही कब्रिस्तान है जहां अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को दफनाया गया था। अतीक के बेटे असद की कब्र भी यहीं है। ऐसे में अबान को भी परिवार के सदस्यों की कब्रों के आसपास जगह मिलने की संभावना है।
कसारी-मसारी में परिवार की कई कब्रें
कसारी-मसारी कब्रिस्तान का अतीक अहमद के परिवार से पुराना नाता रहा है। अतीक के पिता फिरोज अहमद को भी यहीं दफनाया गया था। इसके अलावा अतीक की मां की कब्र भी इसी कब्रिस्तान में बताई जाती है। परिवार के कई सदस्यों की कब्रें एक-दूसरे के आसपास मौजूद हैं।
अतीक अहमद और शाइस्ता परवीन के पांच बेटे थे। इनमें असद और अबान की मौत हो चुकी है। उमर अहमद और अली अहमद जेल में बंद हैं, जबकि अहजम अहमद बाहर है।
2023 में हुई थी अतीक और अशरफ की हत्या
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की अप्रैल 2023 में प्रयागराज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस दोनों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जा रही थी, तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी थी। इससे कुछ दिन पहले अतीक के बेटे असद की झांसी में एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मौत हुई थी। बाद में असद, अतीक और अशरफ को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में दफनाया गया था।