पटना NH-30 हादसा: मजदूरी करने निकले 20 वर्षीय मनीष की मौत, मां का रो-रोकर बुरा हाल, हादसे के बाद भड़की हिंसा

Patna NH-30 Accident: पटना के NH-30 पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 20 वर्षीय मनीष कुमार की मौत हो गई। मनीष शुक्रवार सुबह दिहाड़ी मजदूरी के लिए घर से निकला था। हादसे के बाद इलाके में भारी बवाल हुआ और उग्र भीड़ ने कई वाहनों में आग लगा दी। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर पीछे हटना पड़ा।

Knews Desk- बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह NH-30 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक परिवार ने अपना जवान बेटा खो दिया। बाईपास थाना क्षेत्र के अगमकुआं-जीरो माइल इलाके में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से तकिया गांव निवासी 20 वर्षीय मनीष कुमार की मौत हो गई। हादसे की खबर जैसे ही उसके घर पहुंची, परिवार में मातम छा गया।

मनीष तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। उसकी मां ने बताया कि बेटा सुबह मजदूरी के लिए घर से निकला था। उन्हें क्या पता था कि वह दोबारा घर नहीं लौटेगा। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बदहवास हो गईं और परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

मनीष की मौत के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर दी। सड़क पर खड़ी बस के साथ पुलिस वाहनों और कई मोटरसाइकिलों को भी आग के हवाले कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि आगजनी से पहले बस में मौजूद यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उपद्रव के दौरान एम्बुलेंस और दमकल वाहनों को भी आगे बढ़ने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

ASI बोले- जान बचाकर मौके से हटना पड़ा

घटनास्थल पर मौजूद ट्रैफिक पोस्ट के ASI एनएन सिंह के मुताबिक, हादसे के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और माहौल हिंसक हो गया। पुलिस की टीम मौके पर मौजूद थी, लेकिन भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने वाहनों में आग लगानी शुरू कर दी। ASI के अनुसार, स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिसकर्मियों को अपनी सुरक्षा के लिए घटनास्थल से पीछे हटना पड़ा।

उपद्रव के दौरान दो पुलिस वाहनों, दुर्घटना में शामिल बस और कई बाइकों समेत करीब 10 वाहनों को आग के हवाले किए जाने की बात सामने आई है। ट्रैफिक पुलिस पोस्ट में भी आग लगा दी गई। इसके अलावा NH-30 पर जाम लगने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। घटना की कवरेज के लिए मौके पर पहुंचे कुछ पत्रकारों के साथ मारपीट किए जाने की भी खबर है।

9 थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा

हालात बिगड़ने के बाद आसपास के 9 थानों से पुलिस बल को घटनास्थल पर बुलाया गया। पटना सिटी के ASP राज किशोर सिंह के मुताबिक, युवक सड़क पार कर रहा था, इसी दौरान वह बस की चपेट में आ गया। हादसे के बाद कुछ उपद्रवी तत्वों ने भीड़ का फायदा उठाते हुए आगजनी और तोड़फोड़ की। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और लोगों को मौके से हटाया। इसके बाद धीरे-धीरे स्थिति पर काबू पाया गया।

पुलिस ने मनीष के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, सड़क पर जले हुए वाहनों को क्रेन की मदद से हटाया जा रहा है, ताकि NH-30 पर यातायात पूरी तरह सामान्य किया जा सके।

घटना के बाद इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस उपद्रव और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *