चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस में सो रहे यात्री के गले से सोने की चेन चोरी करने के आरोप में जीआरपी ने तीन कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी की गई चेन के तीनों हिस्से भी बरामद कर लिए हैं।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के बरेली में चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस के एसी कोच में एक यात्री के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। इस मामले में जीआरपी ने कोच अटेंडेंट समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों ने मिलकर सो रहे यात्री के गले से चेन निकाली और वारदात के कुछ ही देर बाद उसे तीन टुकड़ों में काटकर आपस में बांट लिया।
घटना 14010 चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस के बी-1 कोच में आंवला और बरेली कैंट के बीच की बताई जा रही है। दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर जोनापुर बापू कॉलोनी निवासी रोहित कुमार अपने परिवार के साथ दिल्ली से सीतापुर जा रहे थे। उनका रिजर्वेशन बी-1 कोच की सीट नंबर 24 पर था। सफर के दौरान थकान के चलते वह सीट पर सो गए।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब पांच बजे उनकी नींद खुली तो गले से सोने की चेन गायब मिली। इसी दौरान उन्होंने अपनी सीट के पास कोच अटेंडेंट शेखर को खड़ा देखा, जबकि दो अन्य युवक ट्रेन के दरवाजे की ओर जाते दिखाई दिए। शक होने पर रोहित ने शेखर को पकड़ लिया और जीआरपी को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने के बाद शेखर से पूछताछ की गई। शुरुआत में वह घटना को लेकर स्पष्ट जवाब नहीं दे सका, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने अपने दो साथियों गजब सिंह और अनिल कश्यप के नाम बताए। तीनों आरोपी बागपत जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
जीआरपी के मुताबिक, तीनों ने मिलकर यात्री की चेन चोरी करने की योजना बनाई थी। वारदात के बाद आरोपी अलग-अलग होकर भागने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस का दावा है कि ट्रेन की रफ्तार कम होने पर शेखर भी चलती ट्रेन से कूदकर भागने लगा। इसके बाद जीआरपी ने तलाशी अभियान चलाया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की गई चेन को करीब दस मिनट के भीतर ही तीन हिस्सों में काट दिया गया था। इसके बाद तीनों ने चेन के टुकड़े आपस में बांट लिए। पुलिस ने उनके कब्जे से चेन के तीनों हिस्से बरामद कर लिए हैं।
घटना के बाद एसी कोच में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जिस कोच में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए अटेंडेंट तैनात रहते हैं, वहीं चोरी की वारदात में अटेंडेंट के शामिल होने का आरोप सामने आया है। जीआरपी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले भी किसी ट्रेन या यात्री को निशाना बनाया था या नहीं।
जीआरपी प्रभारी इंस्पेक्टर एसके वर्मा ने बताया कि यात्री की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई सोने की चेन के तीनों टुकड़े बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।