शादी से मना किया तो सिरफिरे आशिक ने उठाया खौफनाक कदम, मेरठ में युवती को मारी गोली

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एकतरफा प्यार का खौफनाक मामला सामने आया है। यहां शादी से इनकार करने पर एक युवक ने 24 वर्षीय युवती को गोली मार दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

Knews Desk- घटना मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात करीब 11 बजे युवती अपनी सहेली के साथ एक जन्मदिन समारोह से लौट रही थी। इसी दौरान गणेशपुरी चौकी के पास अंजुम पैलेस के सामने आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने दोनों को रोक लिया।

आरोपी युवती पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। जब युवती ने शादी से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। पहली गोली निशाने से चूक गई, जबकि दूसरी गोली युवती के कान के पास जा लगी। गोली लगते ही युवती सड़क पर गिर गई और घायल हो गई।

घटना के बाद आरोपी लोगों को धमकाते हुए वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि जाते-जाते आरोपी ने कहा कि अगर युवती उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसकी शादी किसी और से भी नहीं होने देगा।

पहले से शादीशुदा बताया जा रहा आरोपी

पीड़िता की सहेली ने पुलिस को बताया कि आरोपी कैफ पहले से शादीशुदा है। इसके बावजूद वह लंबे समय से युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था और उसका पीछा करता था। बदनामी के डर से युवती ने पहले इस मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की थी।

परिजनों की शिकायत पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के शुरुआती जांच में मामला एकतरफा प्रेम और जबरन शादी के दबाव से जुड़ा सामने आया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *