दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने आदित्य ठाकरे के हालिया सोशल मीडिया बयान पर आपत्ति जताते हुए 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजने का फैसला किया है। उनके वकीलों के मुताबिक, सतीश शनिवार को खुद मातोश्री पहुंचकर यह नोटिस सौंपेंगे।
Knews Desk- दिशा सालियान मामले में कानूनी विवाद एक बार फिर तेज हो गया है। सतीश सालियान के वकीलों ने बताया कि वह अपने कानूनी प्रतिनिधियों के साथ शनिवार को मातोश्री जाएंगे और शिवसेना यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे को मानहानि का नोटिस देंगे। यह कार्रवाई आदित्य ठाकरे की 16 सितंबर की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद की जा रही है।
वकीलों ने बताया कि नोटिस में 500 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया गया है। सतीश सालियान ने इस दौरान मुंबई पुलिस आयुक्त से सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।
दरअसल, आदित्य ठाकरे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिशा सालियान से किसी भी तरह की मुलाकात या परिचय से इनकार किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों और व्यक्तिगत द्वेष के चलते पिछले छह वर्षों से उनका नाम इस मामले से जोड़ा जा रहा है। ठाकरे ने इसे बिना सबूत चलाया जा रहा चरित्र हनन अभियान बताया और जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच करने की अपील की।
आदित्य ठाकरे ने यह भी कहा कि मीडिया ट्रायल और झूठे प्रचार से सच्चाई नहीं बदलेगी। उन्होंने राजनीतिक हस्तक्षेप के बिना जांच आगे बढ़ाने की बात कही और कहा कि अन्याय के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
वहीं, सतीश सालियान ने ठाकरे के बयान को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संवैधानिक न्यायालयों और जांच एजेंसियों का रुख किया है। उनका कहना है कि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में उपलब्ध दस्तावेज और साक्ष्य संबंधित अधिकारियों के सामने पेश किए हैं।
सतीश सालियान ने दावा किया कि आदित्य ठाकरे के खिलाफ उनके पास जरूरी सामग्री और साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें सक्षम जांच एजेंसियों और अदालतों के समक्ष रखा गया है या आगे रखा जाएगा। उन्होंने अपनी कानूनी लड़ाई को राजनीतिक उद्देश्य या व्यक्तिगत दुश्मनी से जोड़ने को झूठा और मानहानिकारक बताया।
मामले में अब दोनों पक्षों के बयानों के बीच कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ने की संभावना है। दिशा सालियान केस की जांच और उससे जुड़े आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष संबंधित जांच एजेंसियों और न्यायालयों की प्रक्रिया के बाद ही सामने आएगा।