दिल्ली में मुस्कान हत्याकांड का आरोपी इमरान एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में 21 वर्षीय मुस्कान की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी आकिब उर्फ इमरान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से जान-पहचान होने की बात सामने आई है।

Knews Desk– दिल्ली के तिलक नगर इलाके में छात्रा और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मुस्कान की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार आरोपी आकिब उर्फ इमरान को दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने गुरुवार रात राजौरी गार्डन के नाला रोड के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने टीम को देखकर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। इस दौरान उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस को आरोपी के राजौरी गार्डन इलाके में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद स्पेशल स्टाफ की टीम ने नाला रोड के आसपास निगरानी बढ़ा दी। कुछ समय बाद इमरान वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।

मुस्कान की हत्या तिलक नगर के महावीर नगर इलाके में उसके घर पर हुई थी। शुरुआती जांच के अनुसार, घटना के समय मुस्कान घर में अकेली थी। इसी दौरान इमरान वहां पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान इमरान ने चाकू से मुस्कान पर हमला कर दिया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी को कथित तौर पर घटना के बाद मौके से जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और अलग-अलग टीमों को उसकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुस्कान और इमरान एक-दूसरे को करीब डेढ़ साल से जानते थे। पुलिस ने मुस्कान का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। फोन की जांच में दोनों के बीच हुई बातचीत और चैट सामने आई हैं। इन्हीं चैट के आधार पर पुलिस दोनों के बीच हुए विवाद की वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है।

शुरुआती जांच में दूसरे युवक से बातचीत को लेकर इमरान की नाराजगी की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस ने अभी हत्या की अंतिम वजह की पुष्टि नहीं की है। आरोपी से पूछताछ और मोबाइल चैट समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद वारदात की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या से पहले दोनों के बीच वास्तव में क्या विवाद हुआ था, वारदात की पूरी वजह क्या थी और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी। इमरान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *