NCRP पोर्टल की टिप लाइन से हुआ खुलासा, साइबर पुलिस ने IP एड्रेस के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई
Knews Desk- कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र में साइबर पुलिस ने नाबालिग बच्चियों के अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाकर गूगल ड्राइव पर अपलोड करने वाले 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी रिश्तेदारों और आसपास रहने वाली बच्चियों को अपना शिकार बनाता था। अब तक उसके द्वारा करीब 15 आपत्तिजनक वीडियो गूगल ड्राइव पर अपलोड किए जाने की जानकारी सामने आई है।
NCRP पोर्टल से मिली थी शिकायत
एडीसीपी क्राइम अंजलि विश्वकर्मा के मुताबिक, महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर अपराध की जांच के दौरान NCRP पोर्टल पर एक टिप लाइन मिली थी। इसमें चमनगंज क्षेत्र से बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट को ऑनलाइन अपलोड किए जाने की जानकारी दी गई थी।
इसके बाद सेंट्रल जोन साइबर पुलिस की टीम ने जांच शुरू की। गूगल से आरोपी के ई-मेल, मोबाइल नंबर, IMEI नंबर और अन्य डिजिटल जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने IP एड्रेस के जरिए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बच्चियों के वीडियो बनाकर गूगल ड्राइव में किए सेव
पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चों के डायपर बेचने का काम करता है। जांच में सामने आया कि उसने अपनी नाबालिग चचेरी बहनों और पड़ोस की बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरें बनाई थीं। इनमें कुछ वीडियो और तस्वीरें उसने गूगल ड्राइव पर अपलोड कर रखी थीं।
अन्य वेबसाइट पर अपलोड करने की भी जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कई वीडियो मोबाइल से डिलीट कर गूगल ड्राइव में सुरक्षित किए थे। गूगल से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की गई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह कंटेंट किसी दूसरी वेबसाइट या प्लेटफॉर्म पर भी अपलोड किया था या नहीं।