पीलीभीत में पुलिस का बड़ा एक्शन, वांटेड गैंगस्टर शिवम उर्फ सर्वजीत सिंह का एनकाउंटर

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 1.75 लाख रुपये का इनामी अपराधी शिवम उर्फ सर्वजीत सिंह मारा गया। शिवम चर्चित कारोबारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और पिछले करीब एक महीने से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने के बाद स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और स्थानीय पुलिस ने बिलसंडा थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव के पास घेराबंदी की। जब पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उन्होंने ऑटोमेटिक हथियार से फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

जवाबी फायरिंग में शिवम के सीने में गोली लगी। उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है और आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान जारी है।पुलिस जांच के मुताबिक, शिवम 28 मई को हुए कारोबारी पप्पू गुप्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी था।

उस दिन कारोबारी पंकज कटियार को धमकाने के लिए कथित तौर पर शार्प शूटर बुलाए गए थे। विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे पप्पू गुप्ता पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से शिवम पुलिस की वांटेड सूची में शामिल था और उस पर कुल 1.75 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

शिवम का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और आसपास के जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े करीब 12 मुकदमे दर्ज थे। लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए पुलिस उसकी तलाश में कई दिनों से अभियान चला रही थी और आखिरकार शनिवार रात उसे मुठभेड़ में मार गिराया गया।इस एनकाउंटर में पुलिस को भी नुकसान उठाना पड़ा। बदमाशों की गोलीबारी में एसओजी के एक सब-इंस्पेक्टर और एक कॉन्स्टेबल घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, बिलसंडा थाना प्रभारी जगदीप मलिक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *