उत्तर प्रदेश के इटावा में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार दो डंपरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद एक डंपर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा. दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं.
Knews Desk- इटावा के चौबिया थाना क्षेत्र स्थित जैनपुर चौबिया में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकान में घुस गया. दुकान पर बैठे करीब 60 वर्षीय राममिलन यादव डंपर के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, एक डंपर गिट्टी लेकर इटावा से मैनपुरी की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा खाली डंपर मैनपुरी से इटावा की तरफ आ रहा था. जैनपुर चौबिया के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई. हादसे के बाद एक डंपर बेकाबू होकर दुकान में जा घुसा.
दुर्घटना के दौरान दुकान पर सामान खरीदने आया एक व्यक्ति भी चपेट में आ गया. वहीं डंपर चालक और परिचालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
तीन घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही चौबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. डंपर दुकान के ऊपर फंस गया था, जिसे हटाने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद ली गई. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद वाहन को हटाया जा सका. इस दौरान घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही.
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
हादसे के बाद एक डंपर चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. साथ ही दोनों डंपरों की भिड़ंत कैसे हुई, इसकी भी जांच की जा रही है.